एक डिग्री से भी नीचे जाएगा दिल्ली का पारा!

दिल्ली में सर्दी का कहर बढ़ता ही है। पारा लगातार नीचे ही गिरता जा रहा है। आलम ये है कि आज सुबह पारा गिरकर एक डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कई दिनों तक सर्दी दिल्ली को जमाए रखेगी। वहीं, यूपी में 156 लोगों की ठंड की वजह से जान चली गई।

मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान इतना या इससे कम हो सकता है। लोगों में चर्चा है कि गुड़गांव की तरह कहीं दिल्ली भी शून्य डिग्री पर न पहुंच जाए। हरियाणा के हिसार में तो पारा शून्य से नीचे चला गया है। हिसार में न्यूनतम तापमान माइनस -1 डिग्री तक लुढ़क गया, राजस्थान के माउंट आबू में भी पारा माइनस -1 डिग्री पहुंच गया तो पंजाब में भी पारा 4 से 8 डिग्री तक सामान्य से कम रह रहा है। कश्मीर की बात करें तो डल झील में बर्फ की चादर जबरदस्त ठंड की वजह से और मोटी होती जा रही है। श्रीनगर में न्यूनतम पारा गिरकर माइनस 5.4 डिग्री तक पहुंच गया है। पहलगाम में पारा माइनस -7.0 डिग्री दर्ज किया गया तो गुलमर्ग में पारा लुढ़क कर माइनस -9.7 तक चला गया।

उत्तर भारत का मैदानी इलाका हाथ-पैर सुन्न कर देने वाली ठंड की चपेट में है। आगरा और रेवाड़ी [हरियाणा] में पारा लुढ़ककर क्रमश: 1.1 और 0.1 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। राजस्थान के चुरू में भी पारा 0.8 डिग्री तक गिरा। राजधानी दिल्ली भीषण गलन से जूझ रही है। रविवार इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। पारा 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड और कोहरे से यातायात व्यवस्था प्रभावित बनी रही। सौ से ज्यादा ट्रेनों और विमानों का आवागमन विलंब से हुआ। ठंड न बर्दाश्त कर पाने के कारण 21 लोगों की मौत की खबर है।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां शाम ढलते ही कोहरा कहर बरपाने लगता है, जो अगले दिन दोपहर तक बना रहता है। इससे लोगों को आवागमन की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। अमृतसर में तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बेघर 15 लोगों की ठंड से मौत हो गई। पंजाब में चार जबकि हरियाणा में दो लोग ठंड के शिकार हुए हैं। गलन से दैनिक जीवनचर्या बुरी तरह प्रभावित रही। रात शुरू होते ही सड़कों पर वीरानी छा रही है।

पहाड़ी राज्यों में सूरज देवता तो मेहरबान हैं पर लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। उत्तराखंड में मौसम साफ होने के बावजूद गलन की वजह से लोग घरों में कैद रहे। कई हिस्सों में पारा शून्य से चार डिग्री नीचे चल रहा है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ऊपरी क्षेत्रों में पारा जमाव बिंदु से नीचे जाने के कारण कई जगह पानी जम गया है। इससे पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। जनजातीय क्षेत्र केलंग का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर शून्य से दस डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है जबकि शिमला का तापमान 0.9 डिग्री है।

जम्मू-कश्मीर में भी धूप निकल रही है पर रात की जानलेवा ठंड बरकरार है। लेह का तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले कई दिनों तक मैदानी इलाकों में इसी तरह ठंड और कोहरे का कहर बना रहेगा।

109 घंटे देरी से आई संपर्कक्रांति

नई दिल्ली। शाम होते ही छा जाने वाले कोहरे से रेल यात्रियों को बेहद संकट का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से तो वे बुरी तरह परेशान हैं ही, कोहरे की वजह से उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी देर हो रही है। गुवाहाटी से चलकर नई दिल्ली पहुंचने वाली पूर्वोत्तर संपर्कक्रांति ने तो विलंब से पहुंचने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गुवाहाटी से एक जनवरी को चली यह ट्रेन रविवार को पूरे 109 घंटे देरी से नई दिल्ली पहुंची।

कहीं जमा न दे जनवरी

जनवरी कहीं लोगों को जमा न दें। दिनोंदिन तापमान में जो गिरावट दर्ज की जा रही है, दिल्ली वालों के बीच ठंड को लेकर बातें आम हो गई। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम था। वहीं बाहरी दिल्ली के मुंगेशपुर इलाके में दिन का न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई थी। लेकिन अनुमान के विपरीत न्यूनतम ही नहीं रविवार को अधिकतम तापमान भी सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम यानि 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। गत दो जनवरी के बाद राजधानी में रविवार को सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

तापमान में गिरावट का असर जनजीवन पर साफ रूप से दिखाई दिया। लोग दुबके नजर आए। मध्य दिल्ली स्थित फिरोजशाह कोटला मैदान में भारत पाकिस्तान के बीच हुए वन डे मैच पर भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। सुबह क्रिकेट प्रेमियों से स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था तो मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड से हार आधे से अधिक लोग स्टेडियम से निकल घर के लिए रवाना हो गए।

इसके अलावा दिल्ली के तकरीबन सभी पिकनिक स्पॉट तथा मार्केट वीरान नजर आई। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार व मंगलवार को भी दिल्ली में सर्द हवा चलेगी और तापमान कमी आएगी। हालांकि इस दौरान आसमान साफ रहने की उम्मीद है। सोमवार को दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 14 और 3 डिग्री रहने की संभावना है।

दिल्ली के किस इलाके में कितना रहा रविवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान [डिग्री सेल्सियस में]-

स्थान अधिकतम न्यूनतम

पालम 10.2 2.8

लोधी रोड 12.3 1.7

रिज क्षेत्र 11.6 2.8

आया नगर 11.2 0.7

जाफरपुर 9.4 —

मुंगेशपुर 9.0 0.3

नजफगढ़ 10.5 0.5

पीतमपुरा 10.7 3.8

एक सप्ताह में ठंड से 26 लोगों की मौत

राजधानी में कड़ाके की सर्दी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ठंड से बीते एक सप्ताह में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। मगर सरकारी आंकड़ों की मानें तो अभी तक ठंड से एक भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

error: Content is protected !!