मुंबई: चलती बस में चार साल की बच्ची से कंडक्टर ने किया रेप

देश की राजधानी दिल्ली में चलती बस में हुए गैंगरेप को अभी एक माह ही बीता है, लेकिन इस दौरान पूरे देश से इस तरह के अनगिनत मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। इसमें एक चार वर्ष की एक बच्ची के साथ स्कूल बस के कंडेक्टर ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जुहू स्थित एक स्कूल की बस में 35 वर्षीय कंडक्टर रमेश राजपूत ने चार वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म किया। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। जिस दौरान बच्ची से दुष्कर्म किया गया उस वक्त वह बस में अकेली थी। स्कूल बस बच्ची को सबसे आखिर में घर पर छोड़ती थी। इसका ही फायदा आरोपी ने उठाया था। पुलिस के मुताबिक इस बस में कोई महिला अटेंडेंट मौजूद नहीं थी। हालांकि इस बात से स्कूल प्रशासन इन्कार कर रहा है। स्कूल प्रशासन के मुताबिक बस में महिला अटेंडेंट मौजूद थी और उसने कंडेक्टर द्वारा किए गए कृत्य का विरोध भी किया और बच्ची को बचाने की कोशिश भी की लेकिन नाकाम रही। पुलिस ने कंडेक्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।

error: Content is protected !!