जेसीबी इंडिया ने 6,00,000वीं मशीन के उत्पादन के साथ बनाया कीर्तिमान, विकास यात्रा को दी नई रफ्तार

नई दिल्ली, 15 जून 2026: जेसीबी इंडिया ने अपनी 6,00,000वीं (छह लाखवीं) मशीन के उत्पादन और बिक्री के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत में चार दशक से अधिक समय से काम कर रही कंपनी ने इस दौरान ग्राहकों, डीलरों, सप्लायर्स और समुदायों के साथ मिलकर देश के बुनियादी ढांचे के विकास में अहम योगदान दिया है।

कंपनी की यह छह लाखवीं मशीन एक बैकहो लोडर है, जिसे आमतौर पर लोग “जेसीबी खुदाई मशीन” के नाम से जानते हैं। यह देश में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली निर्माण मशीनों में से एक है और सड़क निर्माण, ग्रामीण विकास तथा कृषि से जुड़े कार्यों में अपनी बहुउपयोगिता और दक्षता के लिए प्रसिद्ध है।

पिछले कुछ वर्षों में जेसीबी इंडिया ने अपने विनिर्माण नेटवर्क का विस्तार किया है, मजबूत सप्लायर इकोसिस्टम विकसित किया है और भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप उत्पाद तैयार किए हैं। आज कंपनी के भारत में छह विनिर्माण संयंत्र हैं और देश जेसीबी के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक उत्पादन केंद्र बन चुका है। यहां निर्मित मशीनों का निर्यात 135 से अधिक देशों में किया जाता है।

इस अवसर पर जेसीबी इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशकश्री दीपक शेट्टी ने कहा, “यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह उन दशकों पुराने भरोसे की पहचान है जो हमारे ग्राहकों ने जेसीबी पर जताया है। बैकहो लोडर, जिसने हमें इस मुकाम तक पहुंचाया है, भारत के विकास और निर्माण की कहानी का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। यह सफलता हमारे ग्राहकों, डीलरों, सप्लायर्स और सभी साझेदारों के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। हमारे कई साझेदार अब दूसरी और तीसरी पीढ़ी तक हमारे साथ जुड़े हुए हैं, जो हमारे रिश्तों की मजबूती और साझा विकास की भावना को दर्शाता है।”

 जेसीबी के चेयरमैन लॉर्ड बैमफोर्ड ने कहा“पिछले वर्ष जेसीबी ने अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरे किए और इनमें से लगभग 50 वर्षों से हम भारत में ग्राहकों को जेसीबी मशीनें उपलब्ध करा रहे हैं। हमें खुशी है कि इस विशेष अवसर के तुरंत बाद भारत में 6,00,000वीं मशीन की बिक्री का ऐतिहासिक मुकाम भी हासिल हुआ। यह और भी खास है कि यह मशीन एक बैकहो लोडर है, जिसने पिछले कई दशकों में भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह जेसीबी का सबसे बहुउपयोगी उत्पाद है और हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भी यह मशीन भारत के भविष्य के निर्माण में योगदान देती रहेगी।”

जेसीबी इंडिया के श्री शेट्टी ने कहा, “देश में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश लगातार बढ़ रहा है और हम नवाचार, स्थानीय विनिर्माण और कौशल विकास के माध्यम से इस विकास को समर्थन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य ग्राहकों को भरोसेमंद और ईंधन-कुशल मशीनें उपलब्ध कराना है, जो अधिक उत्पादकता और कम परिचालन लागत सुनिश्चित करें।”

जेसीबी इंडिया ‘मेक इन इंडिया’ पहल का मजबूत उदाहरण है। कंपनी विनिर्माण, इंजीनियरिंग, नवाचार और मानव संसाधन में निवेश के जरिए सरकार के विकास प्रयासों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। साथ ही, वह विविधता और समावेशन को भी बढ़ावा दे रही है। कंपनी के विनिर्माण, इंजीनियरिंग और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न पदों पर महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उत्पादन गतिविधियों के अलावा, जेसीबी इंडिया अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहलों के माध्यम से भी समुदायों के विकास में योगदान दे रही है। कंपनी आजीविका को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने और उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने के लिए भी काम कर रही है।

देश की इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास यात्रा के साथ कदम मिलाते हुए, जेसीबी इंडिया तकनीक, मजबूत साझेदारियों और उत्पादकता, स्थिरता तथा कौशल विकास पर विशेष जोर देकर भविष्य की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!