आगरा, 22 सितंबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेश एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी कार्यालय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से एनएचएम संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन सहित विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में एक लाख से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
संघ ने प्रमुख रूप से एनएचएम संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य-समान वेतन की मांग उठाई। इसके अलावा नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक वर्तमान वेतन में वृद्धि, कम से कम 10 लाख रुपये की पारिवारिक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए एवं ग्रेच्युटी, गैर-जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करने, अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मियों के समायोजन तथा नियमित पदों की भर्ती में एनएचएम कर्मियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग भी की गई।
जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद कुशवाह ने कहा कि एनएचएम संविदा कर्मचारी वर्षों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में अपना योगदान दे रहे हैं। उनकी मांगें कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य से जुड़ी हैं। सरकार से अपेक्षा है कि इन मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
जिला महामंत्री दामोदर सिंह प्रजापति ने कहा कि एनएचएम कर्मियों ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों में लगातार अपनी सेवाएं दी हैं। लंबे समय से सेवा कर रहे कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सेवा स्थायित्व मिलना आवश्यक है। संगठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचा रहा है और सरकार से कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा है।
ज्ञापन में संगठन ने शासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई के लिए समय निर्धारित करते हुए आगे चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम भी बताया है। ज्ञापन के अनुसार 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को काली फीता बांधकर सांकेतिक विरोध, 8, 9 एवं 10 अक्टूबर को शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार/कार्यविराम तथा मांगों का समाधान नहीं होने पर 12 अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों से संविदा कर्मियों के लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद कुशवाह, जिला महामंत्री दामोदर सिंह प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, योगेश सोगरवाल, रवि शर्मा, जगन्नाथ शर्मा, डॉ. ब्रह्मानंद राजपूत, रूबी बघेल, रेनू तोमर, गजेंद्र बंसल, लालाराम सहित बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी उपस्थित रहे।