नई दिल्ली, 1 अक्टूबर, 2026: एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2026 अपने स्टार्टअप एजेंडा के केंद्र में डीप टेक और फ्रंटियर इन्नोवेश को रखेगा। इसके लिए वह अपने मुख्य स्टार्टअप प्लेटफॉर्म ‘एस्पायर’ का इस्तेमाल करेगा जिसका उद्देश्य उभरती हुई कंपनियों को प्रोटोटाइप से आगे बढ़कर बाजार के अवसरों, निवेश और व्यापक स्तर पर विस्तार की ओर बढ़ने में मदद करना है। अपने ऐतिहासिक 10वें संस्करण में आईएमसी स्टार्टअप्स, निवेशकों, उद्योगपतियों और इकोसिस्टम को बढ़ावा देने वालों को एक साथ लाएगा और डीप-टेक इन्नोवेशन, बाजार तक पहुंच, निवेशक-स्टार्टअप जुड़ाव और गाइडेट इनवेस्टर टूर पर खास जोर देगा। दूरसंचार विभाग और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा आयोजित आईएमसी 2026 का आयोजन नई दिल्ली के यशोभूमि कनवेंशन सेंटर में 7-10 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
टेलीकॉम सेंटर्स ऑफ एक्सिलेंस इंडिया (टीसीओई इंडिया) और टीआईई दिल्ली-एनसीआर के सहयोग से एस्पायर में 300 से अधिक वेंचर कैपिटल फर्मों, एंजेल नेटवर्कों, इनक्यूबेटर्स और कॉरपोरेट इन्नोवेशन फर्मों के साथ 500 से अधिक स्टार्टअप्स और एमएसएमई के आने की संभावना है। इस कार्यक्रम में 700 से अधिक खास तौर पर आयोजित स्टार्टअप और निवेशक के बीच आमने सामने की बैठकें होने की उम्मीद है।
वर्ष 2023 में लांच एस्पायर ने अपने पूर्व के संस्करणों में स्टार्टअप्स, इससे जुड़े संस्थापकों के साथ ही निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं के लिए स्वयं को एक अनूठे और मूल्यवान प्लेटफॉर्म के तौर पर स्थापित किया है जिससे इन संबंधों से मूर्त फंडिंग प्रतिबद्धताएं सामने आई हैं और टेक्नोलॉजी उपक्रमों को पूंजी, बाजार तक पहुंच और स्तर बढ़ाने में मदद मिल रही है।
दूरसंचार विभाग के उप महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा, “भारत में टेक्नोलॉजी के विकास का अगला चरण ना केवल हमारे डिजिटल ढांचे की मजबूती पर निर्भर करेगा, बल्कि ऐसी कंपनियों को आगे बढ़ाने की हमारी क्षमता पर भी निर्भर करेगा जो भारत से ऐसी टेक्नोलॉजी विकसित कर सकें जिनकी दुनियाभर में जरूरत हो। सरकार ऐसा माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है जिसमें नवप्रवर्तन, उद्यमशीलता और निवेश एक दूसरे को मजबूत कर सकें। रणनीतिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्रों में उद्योग और सरकार के बीच मजबूत सहयोग खास तौर पर महत्वपूर्ण होगा क्योंकि लंबे समय तक चलने वाली क्षमताएं विकसित करने के लिए निरंतर निवेश, प्रतिभा और बाजार के दीर्घकालिक अवसर बहुत जरूरी हैं। आईएमसी एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनकर इस विजन को हकीकत में बदलने में मदद कर रहा है जहां भारत का टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम आपस में जुड़ सके, मिलकर काम कर सके और नवप्रवर्तन को अगले स्तर तक ले जाने के लिए जरूरी साझीदारी का निर्माण कर सके।”
डीपटेक इस एस्पायर प्रोग्राम का नेतृत्व करेगा जिसमें एआई, इंटेलिजेंट हार्डवेयर, कनेक्टिविटी, सेमीकंडक्टर्स और स्पेस टेक से जुड़े सत्रों का आयोजन होगा। व्यवहारिक मुख्य कक्षाओं में डीपीआईआईटी और सी-डॉट से विशेषज्ञों द्वारा आईपी और कानूनी रूपरेखाओं पर भी चर्चा की जाएगी और इसके साथ एआई प्रथम उत्पादों को प्रोटोटाइप से उत्पादन तक ले जाने पर सत्रों का आयोजन होगा।
यह प्रोग्राम एस्पायर लाइव पिच–15 के जरिए संस्थापकों की निवेश पारितंत्र तक पहुंच को और बेहतर बनाएगा। इसमें वे छांटे गए 15 स्टार्टअप निवेशकों के पैनल के सामने अपना विचार पेश करेंगे और इसका समापन अलग अलग क्षेत्र के लिए एस्पायर नेक्स्टजेन स्टार्टअप अवार्ड्स के साथ होगा। समर्पित इनवेस्टर एंड मेंटरिंग एरिना संस्थापकों को फंडिंग पर बातचीत, रणनीतिक मार्गदर्शन और व्यवसाय बढ़ाने के लिए निवेशकों और अनुभवी मार्गदर्शकों से सीधे जुड़ने का अवसर देंगे। वहीं, गाइडेड इनवेस्टर टूर और स्पीड पिचिंग सत्र, सक्रिय निवेशकों को शुरुआती दौर के नवप्रवर्तकों से जोड़ेंगे।
एस्पायस का व्यापक एजेंडा टेक्नोलॉजी, व्यवसाय और निवेश के क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को एक साथ लाएगा। बातचीत में विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों को बनाने, एंटरप्राइस एआई, टेक्नोलॉजी लीडरशिप और स्टार्टअप से आईपीओ तक के सफर पर चर्चा की जाएगी। वक्ताओं में पॉलिसीबाजार/पैसाबाजार के पूर्णकालिक निदेशक और सीएफओ आलोक बंसल, टीडीके वेंचर्स के अध्यक्ष निकोलस सॉवेज, रिलायंस एंटरप्राइस इंटेलिजेंस के सीईओ परमिंदर सिंह, कारदेखो ग्रुप के सह संस्थापक एवं सीईओ अमित जैन और मेकमाइट्रिप के सह संस्थापक एवं ग्रुप सीईओ राजेश मागो शामिल हैं।
आईएमसी 2026, 9 अक्टूबर, 2026 को स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया के दूसरे संस्करण की भी मेजबानी करेगा जिससे एक अन्य वैश्विक स्टार्टअप प्लेटफॉर्म इस फोरम में आएगा। भारतीय विजेता सैन फ्रांसिस्को में स्टार्टअप वर्ल्ड कप ग्रैंड फिनाले में शामिल होगा जहां वह 10 लाख डॉलर के निवेश पुरस्कार के लिए प्रतिस्पर्धा करेगा।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के सीईओ रामकृष्ण पी. ने कहा, “पिछले कई वर्षों में एस्पायर उदीयमान स्टार्टअप्स, युवा नवप्रवर्तकों और व्यापक टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को एक साथ लाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। जो शुरुआत में नए विचारों को दिखाने का एक प्लेटफॉर्म था, वह अब अधिक व्यवस्थित इकोसिस्टम बन गया है जो संस्थापकों को निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं से जोड़ता है। एस्पायर और साथ हमारे युवाओं की चुनौतियो के जरिए हम आईएमसी में दिखने वाले सबसे शानदार विचारों को उन लोगों के सामने लाना चाहते हैं जो उन्हें बाजार तक पहुंचाने में मदद कर सकें। चाहे वे निवेशक हों, एंटरप्राइस क्रेता हों या नीति निर्माता हों। हमारे 10वें संस्करण का मकसद सीधा सा है- अच्छे विचारों को ड्राइंग बोर्ड से वास्तविक दुनिया तक ले जाने के लिए और रास्ते बनाना।”
टीआईई दिल्ली-एनसीआर की कार्यकारी निदेशक उपासना शर्मा ने कहा, “भारत में नए दौर के संस्थापक, कैंपस और छोटे शहरों से सामने आ रहे हैं। वे ऐसे विचार लेकर आ रहे हैं जिनमें भविष्य के व्यवसायों को आकार देने की क्षमता है। इस चरण में उन्हें केवल पूंजी की ही नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शकों, ग्राहकों, नेटवर्कों और बाजार के अवसरों तक जल्द पहुंच की भी जरूरत है। टीआईई दिल्ली-एनसीआर में हमें आईएमसी के साथ मिलकर स्टार्टअप इकोसिस्टम के इन अहम हिस्सों को एक ही मंच पर लाने और उभरते हुए संस्थापकों को सीधे निवेशकों और उद्योगपतियों से जोड़ने पर गर्व है।”
आईएमसी के 10वें संस्करण में 100 से अधिक देशों से 1.5 लाख से अधिक लोगों, 300 से अधिक प्रदर्शकों और साझीदारों के शामिल होने और 1500 से अधिक टेक्नोलॉजी यूज़ केसेस प्रदर्शित किए जाने की संभावना है जो कनेक्टिविटी, एआई, सेमीकंडक्टर्स, साइबर सुरक्षा और सैटेलाइट संचार तक फैला होगा।