दुश्मनों सावधान! हम किसी से कम नहीं

मजबूत और गतिशील भारत 64वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस दौरान राजपथ से निकलने वाली पारंपरिक परेड में सैन्य व हवाई ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। देश ने पिछले 60 सालों में सैन्य क्षमता में काफी विस्तार किया है। आज हमारे पास जो क्षमता है वह दुश्मन देशों को ईष्र्या करने के लिए विवश करता है। आइए जानते हैं पाकिस्तान के मुकाबले हमारी ताकत क्या है :-

सैन्य क्षमता :- भारत के पास थल, वायु और जल सेना को मिलाकर कुल 13,25000 सैनिकों की फौज है, जो दुश्मनों को किसी भी समय मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। ये कई टुकड़ियों में बंटे हैं। इनमें से कई देश की सरहद की रक्षा में लगे हुए और कई फौजी कैंप में पूरी तरह से अलर्ट हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 6,17,000 सैनिक हैं।

युद्धक विमान :- भारत के पास सुखोई, मिराज, जगुआर, मिग, तेजस को मिलाकर कुल 1962 युद्धक विमानों का बेड़ा है, जो दुश्मनों को तबाह करने के लिए पर्याप्त है। भारत ने फ्रांसीसी कंपनी को अत्याधुनिक 189 राफेल युद्धक विमान का ऑर्डर दिया है। जो शीघ्र जखीरे में शामिल हो जाएगा। इसके साथ ही भारत के पास अत्याधुनिक परिवहन विमान के साथ-साथ हवा में ही विमानों को रि-फ्यूल करने वाले जहाज हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 1,531 युद्धक विमान हैं।

सैन्य हेलीकॉप्टर : भारत के पास कुल 559 सामान्य एवं युद्धक हेलीकॉप्टर हैं। लेकिन इस मामले में पाकिस्तान थोड़ा आगे है। उसके पास अभी 589 हेलीकॉप्टर हैं।

हवाई अड्डे : भारत के पास कुल 352 ऐसे स्थान हैं जहां से लड़ाकू विमान उड़ान भर सकते हैं। वहीं पाकिस्तान के पास ऐसे 151 स्थान हैं।

टैंक : भारत के पास 3,555 युद्धक टैंक हैं। इसका रखरखाव थल सेना की आर्टिलरी विंग करती हैं। दुश्मन सेना के पोस्ट पर कब्जा करने के लिए यह थल सेना को आगे बढ़ने का मौका देता है। पाकिस्तान के पास 3,490 टैंक हैं।

तोप : टी-72, टी-90 और बोफोर्स तोप से सजी हमारी थल सेना के पास 6,585 तोप हैं जो दुश्मन सेना को उखाड़ फेंकने के काम आता है। वहीं पाकिस्तान के पास 3,197 टैंक हैं।

मोर्टार : यह ऐसा हथियार है जो परोक्ष हमले को सपोर्ट करता है। इसे कहीं भी वाहन से आसानी ले जाया जा सकता है। इसकी गोलियां सामान्य से बड़ी होती हैं। भारत के पास ऐसे 5,000 गन हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 3,200 से ऐसे हथियार हैं।

मल्टी बैरेल रॉकेट लाउंचर : कई रॉकेटों को एक साथ सेकंड पर भर में दुश्मन के ठिकाने पर दागने वाले इस हथियार को थल सेना तोप के साथ-साथ इस्तेमाल करती है। भारत के पास ऐसे 292 हथियार हैं, वहीं पाकिस्तान के पास 172 हथियार हैं।

टैंकरोधी हथियार : कंधे पर रखकर इस्तेमाल होने वाले इस हथियार को मुख्यत: टैंकों को उड़ाने के लिए किया जाता है। भारत ने अपने जखीरे में ऐसे 51,800 हथियार जमा कर रखे हैं, वहीं पाकिस्तान के पास 13,400 ऐसे हथियार हैं।

सैन्य परिवहन वाहन : युद्ध के समय ऐसे वाहनों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। सैनिकों व छोटे हथियारों को एक जगह से दूसरे जगह ले जाने में इसका इस्तेमाल किया जाता है। भारत के पास 70 हजार ऐसे वाहन हैं जबकि पाकिस्तान के पास मात्र 11,500 परिवहन वाहन हैं।

इसके अलावा भारत के पास 2293 बख्तरबंद लड़ाकू वाहन, 330 स्वचालित टैंकनुमा हथियार हैं। वहीं पाकिस्तान के पास 5,745 बख्तरबंद लड़ाकू वाहन और 1,065 स्वचालित टैंकनुमा हथियार हैं।

नौसेना जहाज : भारत की नौसेना के पास 170 ऐसे जहाज हैं जिनका वह उपयोग करती है। वहीं पाकिस्तान के पास मात्र 75 नौसैनिक जहाज हैं।

विमानवाहक पोत : भारत के पास आइएनएस विराट नामक विमानवाहक पोत है और इसी साल एडमिरल गोश्‌र्र्वकोव में सुधार कर आइएनएस विक्रमादित्य को नौसेना में शामिल किया जाएगा। वहीं आइएनएस विक्रांत का निर्माण कार्य चालू है। पाकिस्तान के पास एक भी विमानवाहक पोत नहीं है।

युद्धपोत : भारत के पास 14 युद्धपोत हैं। जो हमारी समुद्री सीमा पर तैनात है। वहीं पाकिस्तान के पास 11 युद्धपोत हैं।

पनडुब्बी : भारत ने परमाणु हथियारों से लैस 15 पनडुब्बी अपने जखीरे में जमा कर लिए हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 8 पनडुब्बियां हैं।

इसके साथ ही भारत के पास 8 जासूसी जहाज, 24 जंगी जहाज, 31 तटीय सुरक्षा पोत और 16 जमीन व पानी में हमला करने में सक्षम जहाज मौजूद हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान के पास सिर्फ 29 तटीय सुरक्षा और 12 जमीन व पानी में हमला करने वाले जहाज हैं।

परमाणु हथियार : भारत के जखीरे में लगभग 70 से 100 परमाणु हथियार मौजूद हैं। वहीं, पाकिस्तान के पास 50 से 70 परमाणु हथियार हैं।

मिसाइल : भारत ने अपनी मिसाइल क्षमता काफी सुदृढ़ कर ली है। इसके पास पृथ्वी, अग्नि, शौर्य, सागरिका, त्रिशूल, धनुष, नाग जैसे मौजूद हैं। भारत के पास छोटी दूरी के प्रक्षेपास्त्र के साथ-साथ 5,000 हजार किलोमीटर की दूरी तक मारक क्षमता वाले इंटर कांटिनेंटल अग्नि-5 मिसाइल हैं। इसमें कई ऐसे मिसाइल हैं जिनके साथ परमाणु हथियार का इस्तेमाल किया जा सकता है।

वहीं, पाकिस्तान के पास विभन्न दूरियों व प्रारूपों वाले गौरी, हत्फ, अब्दाली, शाहीन, बाबर मिसाइल हैं। इसके पास सबसे ज्यादा 3,000 किमी मारक क्षमता वाली गौरी-3 मिसाइल है।

मिसाइल डिफेंस सिस्टम : इस तकनीक को विकसित करने के बाद भारत के दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों में शामिल हो गया। इस तकनीक से मिसाइल को हवा में ही ध्वस्त किया जा सकता है। जबकि पाकिस्तान के पास ऐसी कोई प्रणाली नहीं है।

error: Content is protected !!