विवादों के भी किंग हैं शाहरुख

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के लिए विवादों में फंसना कोई बड़ी बात नहीं है। वह आए दिन कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं कि यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाता है। इस बार एक पत्रिका में उन्होंने भारत में मुस्लिम होने के नाते अपने अनुभव लिखे हैं। उन्होंने लेख में उनकी वतनपरस्ती पर शक करने वालों को आड़े हाथ लिया है। इशारों में शाहरुख ने अपनी सुरक्षा का जिक्र किया उस पर जमात-उद-दावा के मुखिया और मुंबई हमले के आरोपी हाफिज सईद ने उन्हें पाकिस्तान में आकर बसने की सलाह दे डाली। फिर पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने भारत सरकार को शाहरुख की सुरक्षा करने नसीहत दे दी। इस पूरे प्रकरण पर आखिरकार किंग खान को खुद सफाई देने आगे आना पड़ा। आइए जानते हैं शाहरुख से जुड़े क्या हैं चर्चित विवाद :-

1. वानखेड़े स्टेडियम में बवाल :-

आइपीएल के एक मैच में केकेआर की जीत के बाद शाहरुख मैदान में जाने की कोशिश करने लगे। जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा तो वह गाली-गलौज और हाथापाई पर उतर आए। बीचबचाव के लिए आए एमसीए के अधिकारियों से भी वह भिड़ गए। शाहरुख पर नशा में धुत्त होकर बवाल करने का आरोप लगा।

2. सिगरेट पीकर फंसे :-

सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट पीकर धुंआ उड़ाने को लेकर शाहरुख कई बार फंस चुके हैं। पिछले आइपीएल के सीजन में भी वह जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में सिगरेट पीकर कानून का उल्लंघन करते पाए गए। उनके खिलाफ बकायदा शिकायत भी दर्ज की गई थी। इस मामले में कोर्ट ने शाहरुख को खुद अदालत में पेश होने का आदेश दिया था।

3. सौरव गांगुली से विवाद :-

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को लेकर भी शाहरुख पर कई बार विवाद खड़ा करने का आरोप लगा। गांगुली जब केकेआर के कप्तान थे तब उन्हें विवादास्पद तरीके से हटाने और जब वह पुणे वॉरियर से खेल रहे थे तब दोनों की तुलना से शाहरुख नाराज हो गए। उन्होंने प्रशंसकों को बेवजह विवाद न पैदा करने की नसीहत दे डाली थी।

4. पाक खिलाड़ी शोएब से विवाद

पाकिस्तानी गेंदबाज शोएब अख्तर भी शाहरुख पर धोखाधड़ी का आरोप लगा चुके हैं। शोएब ने अपनी आत्मकथा में लिखा कि आइपीएल में शामिल होने के के लिए दी जाने वाली राशि से वह संतुष्ट नहीं थे लेकिन शाहरुख ने झूठ बोलकर उन्हें मनाया था।

5. शिरीष कुंदर से मारपीट

शाहरुख पर पिछले साल जनवरी में कोरियोग्राफर और पार्टनर फराह खान के पति शिरीष कुंदर के साथ मारपीट का आरोप लगा। ये वाकया संजय दत्त की एक पार्टी में हुआ था। पार्टी में कुंदर ने शाहरुख पर कुछ कमेंट कर दिया था जिससे तैश में आकर शाहरुख ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया था।

6. सलमान खान से लड़ाई :-

शाहरुख खान की सलमान से लड़ाई पुरानी है। लेकिन जुलाई 2008 में कट्रीना की बर्थडे पार्टी में दोनों के बीच झगड़े ने खूब सुर्खियां बटोरी। आपसी कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा की दोनों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। खास बात यह है कि विवाद कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी में हुई।

7. अवार्ड समारोह में मजाक :-

अवार्ड समारोहों के दौरान शाहरुख ने कई बार अपने साथी कलाकारों और दूसरे दिग्गजों का मजाक उड़ाया है। एक बार सपा के पूर्व महासचिव अमर सिंह के बारे में उन्होंने ये तक कह दिया कि उनकी आंखों में दरिंदा नजर आता है। वहीं, आमिर समेत कई दूसरे सहकलाकारों का भी मजाक उड़ाने का आरोप उन पर लग चुका है।

error: Content is protected !!