बदला मौसम का मिजाज

मौसम अंगड़ाई ले रहा है। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। कोहरे की वजह से ठंड भी हल्की सी बढ़ गई है।

दिल्ली की सड़कों पर आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। इसके चलते कई जगहों पर विजिबिलिटी काफी नीचे चली गई। इससे आवागमन में भी बाधा रहा और वातावरण में गलन व ठिठुरन बरकरार है। सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है। गाड़ियों को चलाने के लिए पार्किग लाइट्स का सहारा लेना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों पर असर पड़ने का अनुमान है।

बारिश और बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड

उत्तर भारत के लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। बुधवार को इस क्षेत्र अधिकांश भागों में दिन भर बादल छाए रहे। इससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई। कश्मीर में फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्त्रिय हो रहा है जिससे पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी व बारिश की संभावना बढ़ गई है। इसका असर मैदानी भागों में भी होगा। राजधानी दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान के थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री, जबकि न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे ठंड बढ़ गई। पड़ोसी राज्य हरियाणा और पंजाब अब भी कोहर व हाड़कंपाऊ ठंड से जूझ रहे हैं। पंजाब में कोहरे की वजह से अलग-अलग स्थानों पर 26 वाहनों की भिड़ंत हुई। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और 44 लोग घायल हुए। बुधवार को पारा भी खूब लुढ़का। हरियाणा में सबसे कम तापमान हिसार में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ लुधियाना पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा। ऐसे ही उत्तर प्रदेश को भी ठंड का दौरा जारी है। कश्मीर में सर्दियों का सबसे ठंडा दौर (40 दिन का) कहलाने वाला चिल्ले कलां मंगलवार को लोगों को ठिठुरता छोड़ रुखसत हो गया। अब चिल्ले खुर्द 20 दिनों तक अपना प्रभाव दिखाएगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी को यह सक्त्रिय हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में आसमान में छाए बादलों से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

error: Content is protected !!