दिल्ली गैंगरेप मामले के पांच आरोपियों पर शनिवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में आरोप तय किए जाएंगे। फास्ट ट्रैक कोर्ट में दायर चार्जशीट पर बहस खत्म होने के बाद आज यह तय हो जाएगा कि अभियुक्तों पर किन आरोपों के तहत मामला चलेगा। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मामले के अभियुक्त राकेश की तरफ से दायर उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें उसने मामले की सुनवाई दूसरे राज्य में कराने की मांग की थी।
दुष्कर्म से जुड़े कानून में केंद्र सरकार द्वारा संशोधन करने और इसके दोषियों को फांसी की सजा का प्रावधान करने संबंधी अध्यादेश को राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद इस मामले में भी नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है। इस अध्यादेश के मुताबिक रेप के दोषियों को उम्रकैद होने पर मरते दम तक जेल में ही रहना होगा।
गौरतलब है कि पिछले साल दिसबंर में दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप का शिकार हुई युवती की मौत हो गई थी। इस घटना ने दिल्ली समेत पूरे देश को महिलाओं की सुरक्षा की मांग के मंत्र में बांध दिया था। पुलिस प्रशासन सब पर सवाल खड़े किए गए। इस मामले से जुड़े छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। पीड़ित युवती के पिता ने सभी आरोपियों के लिए सजा के तौर पर फांसी की मांग की है। युवती के पिता इस मामले के छठे आरोपी को नाबालिग करार देने से भी काफी खफा हैं।