कल व परसों थम सकती है दिल्ली की रफ्तार

national-delhi-will-be-on-strike-for-two-days 2013-2-19

नई दिल्ली। राजधानी में 20 व 21 फरवरी को हड़ताल के चलते दिल्ली की रफ्तार थम सकती है। बताया जा रहा है कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के साथ ऑटो व टैक्सी यूनियनों ने बुधवार व बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी है। इसके अलावा बैंककर्मी भी हड़ताल पर रहेंगे। यही नहीं, इन दोनों दिन तीनों नगर निगमों के कर्मचारी भी काम नहीं करेंगे, इससे सफाई व्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा। बता दें कि देशभर की 11 से अधिक यूनियनों ने मिलकर महंगाई, विनिवेश नीति व श्रम कानूनों का पालना न करने के विरोध में दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने भी तत्परता दिखाई है।

बताया गया है कि सरकारी अधिकारी यूनियन नेताओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि वे हड़ताल में शामिल न हों। सरकारी प्रवक्ता की ओर से जारी एक बयान में दिल्ली वालों को भरोसा दिलाया गया है कि हड़ताल की वजह से लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बंद नहीं होने दिया जाएगा। दिल्ली परिवहन निगम बचाओ संयुक्त मोर्चा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 20-21 फरवरी को डीटीसी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। हालांकि डीटीसी अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी हड़ताल पर नहीं रहेंगे और बसें पूर्ववत चलती रहेंगी। वहीं कलस्टर बसें पूरी तरह से चलेगी। उधर, भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अध्यक्ष राजेंद्र सोनी व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष यशपाल ने कहा कि दिल्ली के सभी ऑटोरिक्शा, टैक्सी, आरटीवी, ग्रामीण सेवा पूरी तरह बंद रहेंगी। वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने दावा किया है कि हड़ताल की वजह से मेट्रो सेवा पर कोई असर नहीं पड़ेगा और जरुरत पड़ी तो मेट्रो सेवाएं बढ़ाई जा सकती हैं।

error: Content is protected !!