हैदराबाद ब्लास्ट के लिए पाक जिम्मेदार : आडवाणी

pakistan-behind-hyderabad-blasts-advani 2013-2-24

नई दिल्ली। वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने हैदराबाद दोहरे धमाकों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ छद्म युद्ध लड़ रहा है। पड़ोसी मुल्क पिछले कुछ दशक में भारत से कोई लड़ाई नहीं जीत पाया। इसलिए वह देश पर छुप कर हमला कर रहा है। भाजपा नेता एम. वेंकैया नायडू ने संप्रग सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। तेदेपा ने कहा है कि मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी को धमाकों की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

आडवाणी ने कहा कि पड़ोसी मुल्क भारत में अव्यवस्था फैलाने के लिए फिर आतंकवाद का सहारा ले रहा है। हैदराबाद धमाकों में बिना किसी शक के पाकिस्तान का ही हाथ है। पाकिस्तान को अटल बिहारी वाजपेयी और परवेज मुशर्रफ की मुलाकात के दौरान किए गए अपने वादे पर कायम रहना चाहिए। मुलाकात के दौरान पाकिस्तान ने वादा किया था कि वह भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देगा।

एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए। राजनीतिक दलों को आतंकवाद को रंग देने से परहेज करना चाहिए। हमारे दुश्मन देश को कमजोर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। साथ ही धर्म को हथियार बनाकर देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। संप्रग सरकार को लताड़ते हुए नायडू ने कहा कि मनमोहन सिंह प्रशासन में आतंक के खिलाफ लड़ने की राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं बची है। उन्होंने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे पर आतंकवाद के नाम पर वोट की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

इससे पहले नायडू ने विस्फोट स्थल और अस्पतालों का दौरा किया। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सांसद टी. देवेंद्र गौड़ ने राज्य सरकार पर केंद्र द्वारा जारी आतंकी हमले की चेतावनी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। राज्य के पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि पूरी कैबिनेट को जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेसी सांसदों ने भी सीएम को आड़े हाथ लिया है। सांसद पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि राज्य पुलिस ने अलर्ट को हल्के में लिया।

error: Content is protected !!