कोलकाता में आग, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

national-devastating-fire-in-kolkatacm-visits-the-spot 2013-2-27

कोलकाता। कोलकाता के सूर्यसेन बाजार में बुधवार सुबह 4 बजे लगी आग में 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मौके पर पहुंची दमकल की 25 गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। हालांकि आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट शर्किट बताया जा रहा है।

खबर आ रही है कि इस आग में अभी भी काफी लोग फंसे हुए हैं। इनमें से कई लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल का दौरा करने पहुंची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

बताया जाता है कि आग कागज के एक गोदाम में लगी और फिर चारों ओर फैल गई। सूर्यसेन बाजार सियालदह स्टेशन के नजदीक है। गोदाम में प्लास्टिक के सामान रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। गोदाम में एक कर्मशियल कॉम्प्लेक्स भी था। गोदाम के मालिक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है।

सूत्रों ने बताया कि इलाके में अग्निशमन की कोई व्यवस्था नहीं थी। ये काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। इसके पास एक सिनेमा घर भी है। इस इलाके में प्रिंटिंग की कई दुकानें भी हैं। सूर्यसेन बाजार के नजदीक एक घनी बस्ती भी है। अधिकारियों का कहना है कि मरने वाली संख्या में इजाफा हो सकता है। फिलहाल घटनास्थल पर कोलकाता नगर निगम के मेयर शोभन चटर्जी और विपक्षी नेता सूर्यकांत मिश्र पहुंचे हुए हैं। पुलिस राहत कार्य में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!