फिर ‘ब्लैक आउट’ मेट्रो ठप, 400 ट्रेनों के पहिए थमे

उत्तरी ग्रिड और पूर्वी ग्रिड के ट्रिप कर जाने से आधे से भी ज्यादा देश की बिजली गुल हो गई है। इससे आम जनजीवन लगभग थम सा गया है। उत्तरी ग्रिड से जुड़े सभी राज्यों दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भयानक बिजली संकट पैदा हो गया है।

इसके अलावा पूर्वी ग्रिड के राज्यों में भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिसमें उड़ीसा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, असम और सिक्किम राज्य शामिल हैं। ग्रिड में गड़बड़ी से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं है और लगभग 400 ट्रेनों के पहिए भी रास्ते में ही थम गए हैं।

मेट्रो की सेवाएं ठप
ग्रिड में गड़बड़ी आने से दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो की सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ गई हैं। दिल्‍ली मेट्रो ने स्टेशनों पर नोटिस लगा दिया है कि‌ बिजली आपूर्ति नहीं होने से मेट्रो सेवा बंद कर दी गई है।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सुशील शिंदे ने कहा है कि कुछ राज्यों के अधिक बिजली खींचे जाने की वजह से ग्रिड फेल हुआ है। उन्होंने कहा है कि स्थिति सामान्य होने में कम से कम एक से डेढ़ घंटा लगेगा।

मालूम हो कि सोमवार तड़के 2:30 बजे जब लोग गहरी नींद में थे, तभी उत्तरी ग्रिड फेल होने से अचानक पूरे उत्तर भारत में अंधेरा छा गया था। करीब 12 घंटे बाद बिजली की सप्लाई पूरी तरह से बहाल हो पाई थी।

 

error: Content is protected !!