नई दिल्ली। अपने पिता अरबपति बिल्डर दीपक भारद्वाज की हत्या की सुपारी देने वाले बेटे नितेश की शादी सुपरस्टार शाहरुख खान की साली प्रियंका तिवारी के साथ हुई थी। प्रियंका उनकी बीवी गौरी की मौसेरी बहन है। वह फॉर्म हाउस पर होने वाले विवाह समारोहों में डांस करती थी। एक समारोह में नितेश ने उसे देखा तो पहली नजर में ही दिल हार बैठा। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इनके बीच ज्यादा दिनों तक पटरी नहीं बैठी। इस हत्याकांड में पकड़े गए वकील बलजीत सिंह सहरावत की मदद से उसने प्रियंका को तलाक दे दिया।
इस पूरे मामले में वकील की भूमिका शकुनि से कम नहीं है। दूसरी तरफ, पुलिस ने दीपक भारद्वाज के करीबी रहे चर्चित नेता रोमेश शर्मा को भी पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
दिल्ली पुलिस के एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि बलजीत ने भारद्वाज परिवार को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वह पहले दीपक भारद्वाज से जुड़ा और करोड़ों की दौलत कमाई। इसकेबाद छोटे बेटे नितेश से जुड़ा। पिता-पुत्र से हुई बातचीत को बलजीत न केवल एक-दूसरे को बता देता था बल्कि उन्हें भड़काने की भी कोशिश करता था। उसकी शकुनी चाल को न तो भारद्वाज और न ही नितेश व उसकी मां ही समझ पाई। उन्होंने बताया कि बलजीत पेशे से वकील है, लेकिन भारद्वाज से जुड़ने के बाद उसने प्रॉपर्टी का काम शुरू किया। वह पहले आइजीआइ एयरपोर्ट के पास नांगली देवास गांव में रहता था बाद में वसंत कुंज में फ्लैट खरीद लिया। बलजीत पहले भारद्वाज से जुड़ा, उन्हें कुछ प्रापर्टी डील भी कराई। जब भारद्वाज ने छोटे बेटे नितेश को अलग कर दिया, तो वह नितेश से जुड़ गया। उसने नितेश का विश्वास जल्द जीतने के लिए कुछ प्रापर्टी डील भी करा दिया।
बताया जाता है कि बलजीत बेहद शातिर दिमाग का है। उसकी जब भी नितेश से कोई डील होती थी, तो वह उसे रिकार्ड कर लेता था। ताकि बाद में नितेश करार से न मुकर पाए और बातचीत के आधार पर उसे ब्लैकमेल भी किया जा सके।