कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हालत फिलहाल स्थिर है। डॉक्टर सुब्रत मैत्र के नेतृत्व में बनी चिकित्सकों की टीम ने बृहस्पतिवार को बताया कि ममता का ब्लड प्रेशर अब काबू में है। इस बीच, बदसलूकी की घटना के बाद ममता ने फेसबुक पर अपने गुस्से का इजहार करते हुए लिखा है कि देश की राजनीति बहुत गंदी हो गई है।
उन्होंने लिखा, मैंने वर्ष 1984 में संसद सदस्य के तौर पर चुनाव जीतने के बाद से दिल्ली में करीब 25 साल बिताए हैं। मैंने दिल्ली में जो देखा वह पूरी तरह से अभूतपूर्व था और मेरे पास इस घटना की निंदा करने के लिए शब्द नहीं हैं। यही नहीं ममता बनर्जी ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा था कि दिल्ली किसी भी सूरत में सुरक्षित नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा था कि उनके और अमित मित्रा के साथ हुई बदसलूकी के पीछे कोई बड़ी साजिश थी।
गौरतलब है कि दिल्ली से लौटने के बाद बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें महानगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें पीठ व घुटनों में दर्द और सांस लेने में परेशानी थी। साथ ही उनका ब्लड प्रेशर भी लो बताया गया था। लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
डॉ. मैत्र ने बताया कि ममता की हालत फिलहाल स्थिर है और स्लाइन या फिर ऑक्सीजन देने जैसी स्थिति नहीं है। उन्हें जनरल केबिन में ही रखा गया है। संबंधित डॉक्टरों को कुछ जांच करने को कहा गया है। इनमें ईसीजी, एक्सरे, एमआरआइ समेत कुछ और चिकित्सकीय जांच शामिल है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दवा और अन्य सलाह दी जाएगी। सांस लेने में समस्या होने की वजह से उन्हें बोलने में परेशानी हो रही है।