नई दिल्ली। विकिलीक्स ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया है। विकिलीक्स ने भारत के संदर्भ में दावा किया है कि संजय गांधी इमरजेंसी के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से समझौता करना चाहते थे। हालांकि संघ ने संजय गांधी के इस समझौते पर करार करने से इन्कार कर दिया था।
विकिलीक्स के मुताबिक अमेरिकी एंबेसी को भेजे गए संदेश में लिखा था कि इमरजेंसी लागू होने के बाद विपक्ष की भूमिका केवल आरएसएस ही निभा रहा था। यही नहीं विकिलीक्स ने कहा कि संजय गांधी देश के प्रधानमंत्री बनने की मंशा रखते थे।
विकिलीक्स ने दावा किया कि अमेरिका को यह अंदेशा था कि इंदिरा गांधी की मौत की स्थिति में संजय गांधी सत्ता पर कब्जा कर सकते हैं। अमेरिका को इस बात का अंदाजा भी था कि इस बीच, कुछ और नेता संजय गांधी की जगह किसी दूसरे को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश भी कर सकते हैं।