कोलकाता। पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे उद्योगपति राम प्रसाद गोयनका का रविवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। यह जानकारी उनके पारिवारिक सूत्रों ने दी। गोयनका के परिवार में उनकी पत्नी सुशीला और दो पुत्र हर्ष वर्धन एवं संजीव हैं। आरपी गोयनका केशव प्रसाद गोयनका के सबसे बड़े बेटे थे। गोयनका परिवार पूर्वी भारत के सबसे पुराने व्यावसायिक घरानों में से एक है।
गोयनका ने 1979 में आरपीजी इंटरप्राइजेज की स्थापना की थी जिसमें फिलिप्स कार्बन ब्लैक, एशियन केबल्स, अगरपारा जूट मिल और मर्फी इंडिया शामिल हैं। आरपीजी इंटरप्राइजेज का कुल कारोबार 100 करोड़ रुपए का है। इस समूह की अन्य बड़ी कंपनियां सीईएससी, सिएट, स्पेंसर्स और सारेगामा हैं।
गोयनका के पुत्र हर्षवर्धन ने 1990 में आरपीजी इंटरप्राइजेज का अध्यक्ष पद संभाला और उनके दूसरे पुत्र संजीव उपाध्यक्ष बने। इसके बाद 2011 में अपनी ब्रांड पहचान बनाने के लिए संजीव ने आरपी-संजीव गोयनका समूह की स्थापना की थी। हर्ष गोयनका आरपीजी इंटरप्राइजेज के अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं। आरपी गोयनका दोनों समूहों के मानद चेयरमैन थे जिसका सामूहिक कारोबार 30,000 करोड़ रुपये के करीब है।