कश्मीर में भारी बारिश से सैकड़ों लोग फंसे

जम्मू। कश्मीर में भारी वर्षा से सैकड़ों लोग विभिन्न स्थानों पर फंसे है। बारिश रविवार को भी हुई, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर नदियों के जलस्तर में भी खतरनाक स्तर तक वृद्धि हुई है। विभिन्न स्थानों पर फंसे करीब 50 लोगों को बाहर निकाला गया है।

जम्मू से करीब 50 किलोमीटर पश्चिमोत्तर अखनूर क्षेत्र के गांवों में राहत कार्य जारी है, जहां चेनाब नदी में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। जिन 50 लोगों को बाहर निकाला गया है, उनमें कठुआ जिले के 26 लोग है, जो बाढ़ के कारण शनिवार रात से फंसे थे। उन्हे पुलिस व सेना की मदद से बाहर निकाला गया।

कठुआ के उपायुक्त जाहिद खान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित ऊह से 26 लोगों को बाहर निकाला गया है। उनमें से अधिकतर गुर्जर समुदाय के लोग है। उन्हें पुलिस, सेना तथा नागरिक रक्षा स्वयंसेवकों की मदद से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि कोट पुन्नु तथा खगियाल के नजदीक लोगों को सेना की नौका से बाहर निकाला गया।

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हम सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है, जिससे लोग प्रभावित हो सकते है। भारी वर्षा के कारण करीब 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधा दर्जन स्थानों पर भूस्खलन भी हुए है।

error: Content is protected !!