बेरोजगार युवक ने भेजा था धमकी भरा ईमेल

jaipur newsजयपुर। राजस्थान पुलिस ने आखिरकार अब चैन की सांस ली है। एटीएस की टीम ने शनिवार रात राज्यसरकार के 16 कैबिनेट और राज्य मंत्रियों को उनकी सरकारी मेल आईडी पर इंडियन मुजाहिदीन के नाम से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एटीएस को गूगल की ओर से ​मिली जानकारी के अनुसार ईमेल विद्याधर नगर से होना पाया गया। एडीजी (एटीएस एसओजी) आलोक त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार सुनील कुमार चौधरी मुरलीपुरा का रहने वाला है। उसने गुरुवार को विद्याधर नगर में सेंट्रल स्पाइन स्थित एक साइबर कैफे से यह मेल किया था।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को बेरोजगार बताया और इससे खफा होकर धमकी भरा ईमेल भेजने की बात कही। इससे पहले यह मामला सामने आने के बाद एटीएस की टीम ने पड़ताल शुरू की। एटीएस ने आईडी की लोकेशन और आईपी का पता लगाया तो विद्याधर नगर में सेंट्रल स्पाइन स्थित एक साइबर कैफे से ईमेल भेजे जाने का पता चला। वहां से जानकारी जुटाई गई और सुराग मिलने पर शनिवार रात को एटीएस टीम ने सुनील को दबोच लिया।

error: Content is protected !!