बीकानेर,8 सितम्बर। संभागीय आयुक्त सुवालाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारी पूर्ण सजगता से कार्य करें।
सुवालाल गुरूवार को अटल सेवा केन्द्र में जिला जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला कलक्टर वेदप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने समिति के समक्ष प्रस्तुत 10 प्रकरणों के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बज्जू राजस्व उप तहसील क्षेत्र रोही में अवैध काश्त व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार उपनिवेशन ने बताया कि अवैध कब्जों को हटा दिया गया है। पंवारसर मौहल्ला निवासियों द्वारा अतिक्रमण के संबंध मेें की गई शिकायत के संबंंंध मेें नगर निगम उपायुक्त ने बताया कि मौके पर जाकर आमजन से वार्ता व समझाईश के बाद प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया है। गंगाशहर की ओर जाने वाले रास्ते के पास में स्थित बजरी खानों की सरकारी जमीन पर कब्जे के संबंध में शिकायत पर तहसीलदार बीकानेर ने बताया कि भूमि का सीमाज्ञान करवाकर, प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया है।
उदयरामसर की ग्रीन बैल्ट में अराजीराज कृषि भूमि तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लोगोें की जमीनों पर अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने की शिकायत पर न्यास सचिव ने बताया कि इस संबंध में तहसील कार्यालय द्वारा तरमीमी मानचित्र दुरूस्त कर,रक्बा पूर्ति व सीमांकन करवाए जाने व कब्जा सुपुर्द होने के बाद, न्यास स्तर पर आगामी कार्यवाही की जायेगी। ग्राम पंचायत भूरासर के सरपंच ने यहां अवैध रूप से हो रहे जिप्सम खनन को रोके जाने की मांग की, जिस पर खान विभाग के अभियन्ता ने बताया कि इस संबंध में विभाग द्वारा संबंधित हलका पटवारी के साथ संयुक्त निरीक्षण कर,मौका पंचनामा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 24 जून को गश्त के दौरान करणीसर भाटियान के आबादी क्षेत्र में जिप्सम का अवैध खनन करते हुए एक जे.सी.बी.एवं ट्रेलर को जब्त कर,पुलिस थाना बज्जू में मामला दर्ज करवाया गया है। इस पर संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि अवैध खनन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबंधित विकास अधिकारी को पुलिस थाने में एफ.आई.आर.दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
समिति के समक्ष प्रस्तुत एक प्रकरण में अशोक नगर में स्थित एक प्लॉट का कब्जा दिलाने की मांग पर न्यास सचिव ने बताया कि इस प्रकरण के लिए राजस्व तहसीलदार बीकानेर की अध्यक्षता में कमेटी का गठन ,सीमांकन के लिए उपखण्ड अधिकारी,बीकानेर को अवगत करवा दिया गया है। श्रीडूंगरगढ़ की ग्राम पंचायत ऊपनी की गोचर भूमि तथा जोहड़ पायतन पर हुए अतिक्रमण की शिकायत के संबंध में संभागीय आयुक्त ने वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार से बात कर, कार्यवाही करने के निर्देश दिए। राजस्थान पेंशनर्स को सहकारी उपभोक्ता भण्डार बीकानेर द्वारा दी जाने वाली दवाईयों में वित्तीय अनियमितता की शिकायत पर अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर ने बताया कि इस संबंध में जांच करवा ली गई है तथा आगामी दो-तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी जायेगी। सेठिया क्वार्टर्स के पास अनाधिकृत अतिक्रमण की शिकायत पर उन्होंने निगम उपायुक्त को निर्देश दिए कि मौका मुआयना कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। लावारिस मृत व्यक्ति की भूमि को अवैध रूप से राजस्व रिकार्ड में दर्ज एवं हस्तान्तरित किए जाने के मामले में तहसीलदार बीकानेर ने बताया कि प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई एवं इस संबंध मेें अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत कर दिया गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) एस.के.नवल, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सतनाम सिंह, न्यास सचिव महेन्द्र सिंह, एसीईओ नरेन्द्र सिंह पुरोहित, उप वन संरक्षक डॉ.शलभ कुमार, नगर निगम के उपायुक्त मुनीलाल बगड़िया, उपखण्ड अधिकारी बीकानेर नानूराम सैनी, जिला परिवहन अधिकारी जे.के.माथुर, जिला कोषाधिकारी योगिता गोयल,एसीपी सत्येन्द्र सिंह राठौड़,जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहमद सलीम,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल.डी.पंवार,जिला रसद अधिकारी (ग्रामीण) पार्थसारथी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।