कृषि मंत्री श्री सैनी ने राज्य सरकार व बारां जिले की 3 वर्ष की उपलब्धियों की दी जानकारी
फ़िरोज़ खान,बारां
बारां, 15 जनवरी। कृषि, पशुपालन, मत्स्य, कृषि विपणन विभाग मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जन-जन का विकास व सुराज की संकल्पना को साकार करते हुए गत 13 दिसम्बर 2016 को सफलता के 3 वर्ष पूर्ण किए हैं। सरकार ने इन 3 वर्षों में प्रदेश में विकास की बयार चलाते हुए कुशल, पारदर्शी व उत्तरदायी नेतृत्व के द्वारा बिजली, पानी, सड़क, स्वस्थ्य, शिक्षा, कृषि, रोजगार समेत आधारभूत विकास करते हुए प्रदेश को देश में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। इसी प्रकार विकास के कई आयाम बारां जिले में भी स्थापित हुए हैं।
श्री सैनी ने यह बात राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम श्रृंखला में रविवार को मिनी सचिवालय के सभागार में प्रेस कांफ्रेन्स के दौरान कही। उन्होंने कहा कि बारां-झालावाड व कोटा जिले की महत्वाकांषी परवन वृहद् सिंचाई परियोजना के लिए 17 फरवरी तक टेण्डर प्रक्रिया कर ली जाएगी। परियोजना और विस्तार देते हुए अब 820 गांवों की 2 लाख हैक्टेयर भूमि को लाभांवित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने इसके लिए बजट में इसके लिए 700 करोड़ रूपए भी रखे हैं। आने वाले 2 सालों में परियोजना का अधिकतम कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंन कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित 29 लाख किसानों को 2 हजार 467 करोड़ रूपए का मुआवजा दिलवाया गया है। आपदा राहत में कुल 2.94 लाख किसानों को 114 करोड़ रूपए का मुआवजा वितरित किया गया है। प्रदेश में भू-जल व सतही जल बढाने के लिए मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बर अभियान के तहत प्रथम चरण में 3 हजार 529 गांवों में काम किया गया। अगले चरण में 4 हजार से अधिक गांवों को इसमें जोड़ा जा रहा है। शहरी क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया गया है। अंता-नागदा-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के 42 गांवों के लोगों को फ्लोराईड व दूषित जल से मुक्ति मिलेगी और उन्हें मीठा पानी मिलेगा। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रदेश के 631 निजी व 494 सरकारी अस्पतालों को सम्मिलित करते हुए पात्र 6 लाख 6 हजार परिवारों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। भामाशाह पशुधन बीमा योजना में अतिअल्प प्रीमियम पशुधन का बीमा कराया जा रहा है। इसमें प्रीमियम की शेष राशि सरकार वहन करेगी। राजश्री योजना में बारां जिले में अब तक 1.58 करोड़ रूपए का लाभ वितरित किया गया है। प्रद्रेश की 1972 पंचायतों में गौरव पथ बनाए गए हैं दूसरे चरण तक कुल 4 हजार 58 गांवों को गौरव पथ योजना में लाभांवित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिसर्जेन्ट राजस्थान में 3 लाख करोड़ से ज्यादा से एमओयू हुए। एग्रीटेक मीट में 166 कम्पनियां व 18 हजार किसानों को सम्मिलित कर लाभांवित किया गया। देश विदेश में इसकी काफी सराहना हुई है। राज्य सरकार हाड़ौती क्षेत्र में दूध उत्पादन को बढावा देने के लिए प्रभावी प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं। बारां जिले की मृदा में जिंक, बोरोन, आयरन जैसे पोषक तत्वों की कमी को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य प्रारंभ किया गया है। किसानों को इसके लिए मिनी किट उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रदेश में किन्वा, पोमेलो, ड्रेगन फ्रूट जैसे महंगे फलों का उत्पादन सफलता पूर्वक प्रारंभ कर दी है जिसका किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, पंडित दीनदयाल जन कल्याण पंचायत शिविर, राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार, आपका जिला-आपकी सरकार, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, मुख्यमंत्री राजश्री योजना, अन्नपूर्णा भण्डार योजना, ग्राम एग्रीटेक मीट, रिसर्जेन्ट राजस्थान समेत विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में विकास के नये प्रतिमान स्थापित करते हुए सर्वजन कल्याण व सर्वजन विकास को मूर्त रूप देते हुए आधारभूत विकास भी किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान को विरासत में मिले आर्थिक संकट से उबारते हुए विकास के पथ पर तेजी से आगे बढाया जा रहा है जिससे कई क्षेत्रों में प्रदेश देश में अग्रणी है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत राजस्थान में सबसे ज्यादा शौचालय का निर्माण किया गया है।
कृषि मंत्री श्री सैनी ने बताया कि राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं से कृषि के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखने वाला बारां जिला भी अछूता नहीं है, जिले में सभी क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास दृष्टिगत है।
श्री सैनी ने बताया कि जिले में कृषकों के लिए मृदा परीक्षण प्रयोगशाला छबड़ा एवं अंता के ग्राम सीसवाली में स्थापित की गई है, साथ ही बीज प्रमाणिकरण कार्यालय, बीज विक्रय केन्द्र, विलेज नॉलेज सेन्टर की भी स्थापना हुई है जिससे कृषकों को कृषि उत्पादकता बढाने में सहायता मिली है। इसके अलावा नमोप योजना के तहत संभाग में सिर्फ बारां जिले में जैतूून की खेती क्षेत्र विस्तार के तहत शत प्रतिशत अनुदान पर कृषकों के खेतों पर जैतून उद्योग की स्थापना की गई है।
श्री सैनी ने बताया कि जिले में राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार 2016 के तहत कुल 366 शिविर आयोजित किए गए जिनमें 1 लाख 59 हजार 780 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार वर्ष 2015 एवं 2016 में कुल 632 शिविरों में 2 लाख 12 हजार 378 राजस्व प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम
श्री सैनी ने बताया कि जिले में निगम द्वारा अब तक कुल 7 हजार 22 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है जिनमें से 2 हजार 823 युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। वर्तमान में 15 कौशल विकास केन्द्रों पर 1 हजार 304 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम व एलएण्डटी कम्पनी के मध्य कौशल विकास केन्द्र संचालित करने का एमओयू हुआ है जिसके तहत कम्पनी द्वारा छबड़ा आईटीआई में युवाओं का कौशल विकास कर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
सहकारिता विभाग
श्री सैनी ने बताया कि बारां केन्द्रीय सहकारी बैंक लि. द्वारा वित्तीय वर्ष 2014-15 में 266.80 करोड़ रूपए, वर्ष 2015-16 में 275.56 करोड़ एवं वर्ष 2016-17 में 210.89 करोड़ अल्पकालीन फसली ऋण का वितरण किया गया। साथ ही किसानों को अल्पकालीन फसली ऋण समय पर जमा करवाने पर 499.96 करोड़ ब्याज अनुदान भी दिया गया है।
पशुपालन विभाग
श्री सैनी ने बताया कि जिले की समस्त गौशालाओं में स्वास्थ्य रक्षा एवं पाईका रोग नियंत्रण अभियान के तहत 24 शिविरों का आयोजन किया गया एवं पशुधन आरोग्य चल चिकित्सा ईकाइयों के माध्यम से 345 शिविरों का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में जिला स्तरीय पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सा हेतु डिजीटल एक्सरे मशीन व सोनोग्राफी मशीन की स्थापना की गई है।
सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना, राजश्री योजना, भामाशाह व भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, गौरव पथ, स्वच्छता मिशन के तहत प्रदेश में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। राज्य सरकार जन विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर सभी वर्गों को लाभांवित कर रही है।
प्रेस कांफ्रेन्स में राजस्थान जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्री श्रीकृष्ण पाटीदार, राजस्थान वरिष्ठ जन आयोग के अध्यक्ष श्री प्रेमनारायण गालव, जिला प्रमुख श्री नंदलाल सुमन, विधायक श्री प्रताप सिंह सिंघवी, श्री रामपाल मेघवाल, श्री ललित मीणा, उपजिला प्रमुख राजकुमार नागर, राजस्थान वरिष्ठ जन आयोग सदस्य धीरज गुप्ता, युवा बोर्ड सदस्य प्रदीप मेरोठा, राजेन्द्र नागर सहित प्रभारी सचिव रोहित कुमार, पुलिस अधीक्षक डी.डी. सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत व अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।