भावी पीढ़ी के लिए धरोहर हैं प्राकृतिक संसाधन- मेघवाल

paudharopanबीकानेर,5 जून 2017। केन्द्रीय वित्त एवं कम्पनी मामलात राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि लोगों को प्रकृति से जोड़ना ही विश्व पर्यावरण दिवस का मूल मंत्र है। प्राकृतिक संतुलन बना रहे इसके लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक पौधे लगाते हुए उनकी सार-संभाल की जाए।

केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर वरिष्ठ नागरिक भ्रमण पथ वन विभाग द्वारा पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जल, वायु व ध्वनि प्रदूषण नहीं हो इस पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए। ई-वेस्ट के सही निष्पादन के साथ ही प्लास्टिक वेस्ट को खुले में फैंकने की आदत छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि जाम्भोजी महाराज ने बीकानेर की धरा पर सैंकड़ों वर्ष पूर्व बिश्नोई धर्म की स्थापना करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया था। आज के दौर में उनके सिद्धांत सर्वाधिक प्रासंगिक हैं, जिन पर दुनियाभर के विशेषज्ञ शोध कर रहे हैं।

मेघवाल ने अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया और कहा कि वृक्षों ने हमेशा मनुष्य को दिया ही है, लिया कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि हमें वृक्षों से सीख लेनी चाहिए। जो वृक्ष जितना बड़ा होगा, उतनी ही ज्यादा छाया देता है। हमें बड़े होने का अभिमान का त्याग करते हुए विन्रमता के साथ दूसरों का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें वृक्ष मित्र बनकर,अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने खेजड़ली में वृ़क्षों की रक्षा के लिए महिलाओं द्वारा बलिदान देने की घटना का प्रस्तुत किया।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगर प्रकृति के साथ छेड़छाड़ चलती रही तो, भावी पीढ़ी हमें माफ नहीं करेंगी। प्रकृति हमारे पास भावी पीढ़ी के लिए धरोहर है, इसे संजोकर रखना होगा। अगर प्रकृति का असंतुलन बढ़ता है, तो वह दिन दूर नहीं जब हम हवा, पानी और शुद्ध जल के लिए तरस जाएंगे। जलवायु परिवर्तन के कारण कई जीव-जन्तुओं की प्रजातियां भी विलुप्त हो जायेगी, जिसके लिए आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। इस अवसर पर डॉ.सत्यप्रकाश आचार्य ने भी विचार रखे।

समारोह में महापौर नारायण चौपडा, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता, सही राम दुसाद, नगर निगम आयुक्त आर.के.जायसवाल, उपवन संरक्षक राम निवास कुमावत, सहायक वन संरक्षक मदन सिंह, मोहन सुराणा, सलीम भाटी, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, अशोक भाटी, विष्णु पुरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। उपवन संरक्षक वीरेन्द्र सिंह जोरा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक भ्रमण पथ पर करीब 100 पौधे लगाए गए हैं।

इससे पहले वित्त राज्यमंत्री मेघवाल, जिला कलक्टर गुप्ता, महापौर नारायण चौपड़ा और डॉ. आचार्य ने पौधा रोपण किया और पक्षियों के लिए पाळसिये लगाकर उनमें पानी भरा।

— मोहन थानवी

error: Content is protected !!