12.5 से 35 प्रतिशत तक कम हुई कीमतें, न्यास ट्रस्ट की बैठक में हुए विभिन्न निर्णय
बीकानेर, 20 जून। नगर विकास न्यास द्वारा न्यास क्षेत्र की कुछ कॉलोनियों के विभिन्न आकारों के आवासीय व व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी की प्रारम्भिक दरों में 12.5 से 35 प्रतिशत तक कमी की गई है। वर्तमान में यह दरें तीन माह के लिए लागू की गई हैं।
मंगलवार को नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका की अध्यक्षता में आयोजित न्यास ट्रस्ट की बैठक में यह निर्णय लिया गया। रांका ने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा आदेश प्राप्त हुए हैं। इसके अनुसार न्यास द्वारा पूर्व में निर्धारित न्यूनतम नीलामी दर अधिक पाई जाती है, तो न्यूनतम नीलामी दर को कम करने अथवा पुनर्निधारण के लिए ट्रस्ट की बैठक में निर्णय लिया जा सकेगा। इसके अनुसार मुरलीधर व्यास कॉलोनी के एच ब्लॉक में 37 गुणा 40 तथा 25 गुणा 47 आकार के भूखंडों तथा इसी कॉलोनी में थर्ड सेक्टर में 10 गुणा 20 आकार के व्यापारिक भूखंडों में बीस प्रतिशत, इसी कॉलोनी के सेक्टर दो के 30 गुणा 64 तथा 15 गुणा 30 की दरों में 15 प्रतिशत की कमी की गई है।
करणी नगर में 10 गुणा 20 आकार के व्यापारिक भूखंडों में 35 प्रतिशत, करणी नगर आवासीय सी ब्लॉक के 25 गुणा 49 तथा 30 गुणा 64 आकार के भूखंडों में 23 प्रतिशत तथा ए ब्लॉक के 25 गुणा 49 आकार के भूखंडों में 27 प्रतिशत, गांधी नगर के 12 गुणा 20 आकार के व्यापारिक भूखंडों में 27 प्रतिशत, व्यापार नगर के 10 गुणा 20 आकार के व्यापारिक भूखंडों में 25 प्रतिशत, व्यापार नगर के 30 गुणा 60 आकार के शोरूम भूखंडों में 12.50 प्रतिशत कमी की गई है। इसी प्रकार स्वर्णजयंती टाउनशिप आवासीय योजना हरोलाई हनुमान जी खसरा नगर 153 के 15 गुणा 30 तथा 25 गुणा 50 आकार के भूखंडों में 32 प्रतिशत, 30 गुणा 60 तथा 40 गुणा 70 आकार के भूखंडों के दर में 15 प्रतिशत की कमी की गई है।
होंगे 20 करोड़ के विकास कार्य
ट्रस्ट की बैठक के दौरान बीकानेर पश्चिम एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ के विकास कार्यों का अनुमोदन हुआ। रांका ने बताया कि मुरलीधर व्यास कॉलोनी में 2 करोड़, अंत्योदय नगर में 50 लाख, हरोलाई हनुमान कॉलोनी में 47 लाख, जोड़बीड़ में 1.5 करोड़ तथा स्वर्णजयंती योजना में 4.5 करोड़ रूपये के विकास कार्य होंगे। शेष राशि न्यास की विभिन्न आवासीय योजना के विकास कार्यों में व्यय की जाएगी। बैठक के दौरान न्यास में कार्यरत 19 मुंशियों की रूकी हुई वार्षिक वेतनवृद्धि स्वीकृत करने, न्यास के पांच कर्मचारियों को अद्धस्थाई किए जाने की दिनांक से परिलाभ देने, दो कार्मिकों को अद्र्धस्थाई करने, एक कार्मिक को श्रम न्यायालय के अवार्ड की पालना में परिलाभ देने, एक कर्मचारी को 27 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर चयनित वेतनमान का लाभ देने तथा एक मुंशी को कनिष्ठ लिपिक के रिक्त पद पर तथा बेलदार को योग्यता के आधार पर वाहन चालक के पद पर समायोजन करने संबंधी स्वीकृति प्रदान की गई।
लीज डीड जारी करने के लिए अधिकारी अधिकृत
बैठक में न्यास की कच्ची बस्ती नियमन संबंधी लीज डीड जारी करने के लिए न्यास के कच्ची बस्ती प्रभारी अधिकारी/तहसीलदार को अधिकृत किया गया। वहीं न्यास में एक भू-अभिलेख निरीक्षक तथा दो पटवारी के पदों का सृजन किए जाने संबंधी अभिशंषा राज्य सरकार को भिजवाने का निर्णय लिया गया। न्यास के तात्कालिक सचिव महेन्द्र सिंह के परिवार को आरक्षित दर पर भूखंड आवंटित किए जाने संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाने के संबंध में भी निर्णय हुआ। अणुव्रत समिति, बीकानेर को भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाने, न्यास के आयकर व बिक्रीकर से संबंधित कार्यों के लिए सीए नियुक्त करने तथा अनिता पुरोहित को न्यास का पैनल लॉयर नियुक्त करने संबंधी निर्णय लिया गया।
बैठक में नगर विकास न्यास सचिव आर. के. जायसवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
—–
नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक 30 जुलाई तक दें नवीनीकरण फॉर्म
बीकानेर, 20 जून। नागरिक सुरक्षा बीकानेर के स्वयंसेवकों की नवीनीकरण अवधि आगामी तीन वर्ष तक और बढ़ायी जाएगी।
उप नियंत्रक ज्ञानेन्द्रसिंह ने बताया कि नागरिक सुरक्षा के वे सभी स्वयंसेवक, जो नागरिक सुरक्षा सदस्य के तहत जून 2014 से पूर्व नामांकित हैं, अपनी सदस्यता की नवीनीकरण अवधि बढ़ाने हेतु 30 जुलाई 17 तक कचहरी परिसर स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में कार्यालय समय में नागरिक सुरक्षा परिचय पत्र, स्वयं की वर्तमान फोटो एवं बैंक पासबुक के अग्रिम पेज की फोटोप्रति के साथ नवीनीकरण फॉर्म भर कर प्रस्तुत करें, ताकि उनकी नवीनीकरण अवधि आगामी तीन वर्ष तक और बढ़ायी जा सके। उक्त अवधि में नवीनीकरण फॉर्म नहीं भरने वाले स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा की सदस्यता से पृथक करने की कार्यवाही की जाएगी।
—–
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग प्रदर्शन व सेमिनार
बीकानेर, 20 जून। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को आयुष मंत्रालय के केन्द्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद तथा श्रीमती फूसीदेवी योगा एंड नैचुरोपैथी संस्थान बीकानेर द्वारा सामूहिक योग प्रदर्शन एवं ‘योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं सात्विक आहार’ विषयक सेमीनार आयोजित की जाएगी।
निदेशक डॉ. देवाराम काकड़ ने बताया कि सामूहिक योग प्रदर्शन मुख्य कार्यक्रम, राजकीय पोलिटेक्निक कॉलेज में प्रातः 6 से 8 बजे तक तथा केन्द्रीय शुष्क बागवानी संस्थान बीछवाल में सेमिनार सांय 4 बजे से आयोजित की जाएगी।
—–
लाइट्स सॉफ्टवेयर संबंधी समीक्षा बैठक 27 जून को
बीकानेर, 20 जून। लाइट्स सॉफ्टवेयर पर इंद्राज, अपडेशन कार्य संबंधी समीक्षा बैठक 27 जून को दोपहर 3 बजे कलेक्टे्रट सभागार में आयोजित की जाएगी।
—–
गौशालाओं से संबंधित बैठक आयोजित
बीकानेर, 20 जून। निराश्रित पशुओं को निजी गौशालाओं में रखने के सम्बन्ध में मंगलवार को कलक्टर कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि निराश्रित पशुओं को अनुदानित निजी गौशालाओं में रखा जाए तथा पशुओं के लिए चारे- पानी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। महापौर नारायण चौपड़ा ने बताया कि विभिन्न गौशाला संचालकों से गौशालाओं में बेसहारा पशुओं को रखे जाने के सम्बन्ध में बातचीत चल रही है। उन्होंने बताया कि गौशाला संचालकों को नियमानुसार सहायता दी जाएगी। चौपड़ा ने कहा कि गौशालाओं में पशुओं को टैग लगाकर रखा जाए।
संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. अशोक कुमार विज ने बताया कि विभिन्न गौशाला संचालकों से इस सम्बन्ध में मंगलवार को विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 50 पात्र गौशालाओं को प्रथम व द्वितीय किस्त के रूप में लगभग 7 करोड़ 9 लाख 58 हजार 781 रूपये का अनुदान दिया जा चुका है। वहीं वंचित पांच गौशालाओं को 73 लाख रूपये का अनुदान और दिया जाएगा।
—–
22 से 26 जून तक आयोजित होंगे ’सीमामित्र विकास शिविर ’
बीकानेर, 20 जून। सीमान्त क्षेत्र के नागरिकों को राज्य व केन्द्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने, उनकी समस्याओं के निराकरण करने के लिए जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में 22 से 26 जून तक सीमामित्र विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे।
संभागीय आयुक्त सुवालाल ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर पात्र लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करेंगे तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम खाजूवाला तहसील के 20 बी.डी. में 22 जून को, 23 जून को अनन्तगढ़ में, कोलायत तहसील के गांव रणजीतपुरा में 25 जून को व भूरासर में 26 जून को शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में सीमा सुरक्षा बल का भी सक्रिय सहयोग रहेगा।
—-
संसदीय सचिव खाजूवाला में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे
बीकानेर, 20 जून। संसदीय सचिव विश्वनाथ मेघवाल बुधवार को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खाजूवाला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रवक्ता राकेश साहोत्रा ने बताया कि इसके पश्चात संसदीय सचिव न्याय आपके द्वार अभियान के तहत 5 केवाईडी में आयोजित होने वाले शिविर में भाग लेंगे तथा इसके बाद कुंडल में उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
—-
विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे राजस्व शिविर
बीकानेर, 19 जून। राजस्व अदालत अभियान के तहत बुधवार को बीकानेर के बरसिंहसर, लूणकरनसर के सुरनाणा, नोखा के बेरासर , शोभाणा, कोलायत के बीकमपुर, खाजूवाला के 5 केवाईडी तथा श्रीडूंगरगढ़ के बापेउ में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
—-
मतदाता पंजीकरण अभियान संबंधी बैठक आयोजित
बीकानेर, 20 जून। वृहद मतदाता पंजीकरण अभियान 1 से 31 जुलाई 2017 तक आयोजित किया जाएगा। इस सम्बन्ध में मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर की अध्यक्षता में, बीकानेर पूर्व एवं पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई।
भाकर ने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि मतदाता पंजीकरण से वंचित रहे युवा, दिव्यांग, महिला मतदाताओं का बीएलओ से समन्वय कर पंजीकरण सुनिश्चित करवाया जाए। साथ ही मृत, अनुपस्थित, स्थानान्तरित, दोहरे मतदाताओं का चिन्हीकरण कर, उनके नाम हटवाने की कार्यवाही की जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा, उपखण्ड अधिकारी बीकानेर नानूराम सैनी उपस्थित थे।