राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर, जिला प्रशासन बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 25.06.2017 (रविवार) प्रातः 11.00 बजे पंचायत समिति प्रांगण श्रीडूंगरगढ में मेगा विधिक चेतना एवम् लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पूर्णकालिक सचिव रामअवतार सोनी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री घनश्याम शर्मा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सं 3 उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त श्रीडूंगरगढ न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री मुकेश कुमार, श्री कैलाश मीणा, उपखण्ड अधिकारी, श्री लीलाधर पंवार, उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बीकानेर तथा बार संघ, श्रीडूंगरगढ एव स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी श्रीडूंगरगढ उपस्थित रहे। इस शिविर के माध्यम से समाज में गरीबी रेखा से नीचे जीवन व्यापन करने वाले लोगों, अजा/जजा, विकलांग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों बालकों, महिलाओं, वृद्धजन एवम् समाज के अन्य कमजोर वर्गों के लिये केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनओं का प्रचार प्रसार किया गया तथा शिविर के दौरान इन लोक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभाग के प्रभारी अधिकारियों द्वारा अपने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उपस्थित जनसमूह में चिन्हित किए गए विकलांगों को ट्राईसाईकिल, भूखण्ड वितरण, हानिग्रस्त कृषकों को प्रतिकर तथा स्कूली छात्राओं को साईकिल का वितरण कर ससम्मान लाभान्वित किया गया। उक्त प्रकार से विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वितों की संख्या 381 रही।
श्री घनश्याम शर्मा द्वारा उपस्थित जन समूह को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित करते हुए विधिक जागरूकता प्रदान की गई।
पूर्णकालिक सचिव श्री राम अवतार सोनी ने यह भी बताया है कि विधिक सेवा संस्थाओं का कानूनी दायित्व है कि समाज में विधिक जागरूकता पैदा की जावे एवम् पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में निःशुल्क कानूनी सलाह एवम् सहायता प्रदान की जावें। नियमित अन्तराल पर जिला प्रशासन के साथ मिलकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऐसे लोक कल्याणकारी शिविरों का आयोजन करेगा जिसमें विधिक चेतना के साथ साथ लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर दिया जायेगा जिससे ये शिविर समाज में लोक प्रिय होंगे, समाज के कमजोर वर्गों को वास्तविक लाभ दिलाने में सहायक सिद्व होंगे। इसके साथ ही श्री सोनी द्वारा आगामी तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 08.7.2017 में आमजन को न्यायालयों में लंबित अपने अपने प्रकरणों को लोक अदालत में रखवा कर राजीनामा कर त्वरित न्याय प्राप्त कर लाभान्वित होने हेतु प्रेरित किया गया।