फ़िरोज़ खान
बारां 15 जुलाई। कपडा व्यापार में जीएसटी के खिलाफ गत दस दिनों से कारोबार बंद कर धरना प्रदर्शन कर रहे कपडा व्यापारियों ने आज आंदोलन को तेज करते हुए शहर के संस्था धर्मादा चैराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर काफी देर तक नारेबाजी करने के बाद प्रताप चैक पर दोपहर बारह बजे तक चक्काजाम किया। चक्काजाम के दौरान पुलिस वृत निरीक्षक सहित काफी संख्या में पुलिस जवान व यातायातकर्मी वाहनों को वैकल्पिक मार्गो से निकालने के लिए मशक्कत करते देखे गए। कपडा व्यापार संघ आंदोलन के दो चरण के बाद सोमवार से नई रणनीति के लिए रविवार प्रातः अपनी बैठक आयोजित कर विचार विमर्श करेगा, इसके बाद ही आगामी रणनीति का खुलासा करेंगे। कपडा व्यापार संघ के प्रवक्ता श्याम जोशी ने बताया कि जीएसटी के खिलाफ देश भर में चल रहे आंदोलन के दूसरे चरण के 11 वेें दिन आज कपडा व्यापारियों ने शहर के इंद्रा मार्केट में एकत्र होकर बडी रैली निकाली जो प्रमुख बाजारों से होती हुई संस्था धर्मादा चैराहे तक पहुंची जहां कपडा व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेश गोयल के नेतृत्व में कारोबारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के जीएसटी प्रणाली का विरोध किया। यहां से नारेबाजी करते हुए बडी संख्या में कपडा व्यापारी प्रताप चैक हपुंचे जहां बारह बजे तक अप-डाउन दोनों मार्ग बंद कर पूरी तरह मार्ग को बाधित रखा। इस दौरान कपडा व्यापारियों को व्यापार महासंघ अध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल, संघर्ष समिति अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय, कपडा व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेश गोयल, रामचन्द्र झाम्ब, प्रदीप जैन, खालिद भाई, माजिद सलीम, त्रिलोक गुप्ता, अखलाक अंसारी, धीरज हल्दिया आदि ने संबोधित किया।