खारा इंड. ऐरिया में डंपिंग यार्ड बनाने की कवायद जारी

bikaner samacharबीकानेर 18/8/17। जिला स्तरीय औद्योगिक समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

करणी व खारा औद्योगिक क्षेत्र की सड़क सीमा में अपशिष्ट डालने वाली इकाईयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला कलक्टर द्वारा गत बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में रीको के अधिकारियों ने खारा औद्योगिक क्षेत्र में 96 और करणी औद्योगिक क्षेत्र में 173 इकाईयों के विरूद्ध नोटिस जारी करने की जानकारी दी। रीको के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि खारा औद्योगिक क्षेत्र में डंपिंग यार्ड बनाने के लिए भूमि चिन्हीकरण से संबंधित संयुक्त सर्वे कर लिया गया है तथा 6.5 एकड़ भूमि में डंपिंग यार्ड बनाए जाने संबंधी स्वीकृति के लिए पत्रावली राज्य सरकार को भिजवाई जा चुकी है। इसी प्रकार करणी औद्योगिक क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी के लिए सीईपीटी की स्थापना के लिए 34 हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटन संबंधी पत्रावली रीको मुख्यालय को भिजवाई गई है।

करणी औद्योगिक क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या के समाधान के लिए रीको और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को संयुक्त विजिट करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश जिला कलक्टर ने दिए। रीको औद्योगिक क्षेत्र, नोखा के बीकासर के पास एकत्रित हो रहे गंदे पानी के संबंध में 35 इकाईयों को नोटिस दिए जाने की जानकारी दी गई। इस संबंध में जिला कलक्टर ने कहा कि संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में इन इकाईयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त जलापूर्ति के संबंध में राज्य सरकार को 2.08 करोड़ रूपये की परियोजना स्वीकृति के लिए भिजवाए जाने की जानकारी दी गई।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई, बीकानेर से नापासर के मध्य 4 किलोमीटर सड़क पर पेंचवर्क की प्रगति, काजरी को आवंटित भूमि के संबंध में मौका रिपोर्ट प्रस्तुत करने, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में मुख्य मार्ग रोड नंबर 5 से गांव घड़सीसर की तरफ जाने वाली रोड को दुरूस्त करने, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत रथ के माध्यम से भोजन उपलब्धता की समीक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। राजस्थान वित्त निगम, जोधपुर विद्युत वितरण निगम, भूमि रूपांतरण अथवा आवंटन, पानी कनेक्शन, नगरीय निकायों द्वारा किदए जाने वाले लाइसेंस से संबंधित विचाराधीन मामलों, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, फैक्ट्रीज एंड बॉयलर्स एक्ट के तहत प्राप्त मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर. के. सेठिया, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक एस.सी. गर्ग, लीड बैंक मैनेजर जितेन्द्र माथुर, खारा औद्योगिक क्षेत्र के परविंद्र सिंह राठौड़, करणी औद्योगिक क्षेत्र के महेश कोठारी, बीछवाल उद्योग संघ के किशोर पारीक एवं सुंदर जोशी, रानबी बाजार उद्योग संघ के कमल बोथरा, रानी बाजार उद्योग संघ के कृष्ण सेठिया, शांति लाल बोथरा, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के कन्हैया लाल बोथरा, राजस्थान उद्योग मंडल के सुभाष मित्तल, बीकानेर जिला उद्योग संघ के डी. पी. पचीसिया, वूलन एसोशिएसन के कमल कल्ला तथा नोखा उद्योग संघ के घनश्याम भट्टड़ मौजूद थे।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!