सरकार निष्क्रिय, प्रशासन संवेदनहीन : किरण

उदयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें उदयपुर के निर्माण निषेध क्षेत्र को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण में सरकार निष्क्रियता की दोषी है और प्रशासन संवेदन हीन है। कोई भी निर्धन और मध्यम वर्ग को हो रही पीड़ा एवं वेदना को समझना ही नहीं चाह रहे हैं।
प्रवक्ता अनिल चतुर्वेदी नें बताया कि किरण मृगेन्द्र भारती द्वारा आयोजित निर्माण निषेध और सामान्य जन के मौलिक अधिकार विषयक चर्चा में बोल रही थी। किरण नें कहा कि उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि वर्ष 2000 में नगर विकास न्यास द्वारा बनाए गए भवन निर्माण उपनियमों का अभी तक भी राजपत्र में प्रकाशन ही नहीं हुआ है। उच्च न्यायालय नें अपने निर्णयों में जनता के सम्मान पूर्वक जीवन और सम्पदा के मौलिक अधिकारों की भारी अवहेलना की है। प्रभावित पक्षकारों को अपना पक्ष रखने का कोई अवसर ही नहीं दिया गया। यह नैसर्गिक न्याय और साम्यता के सुस्थापित सिद्धान्तों की घोर अवहेलना है।
किरण नें कहा कि न्यायालय के निर्णयों में यह कहीं भी उल्लेख नहीं है कि वह निर्माण निषेध की अवधारणा किस विधि की किस धारा में लागु कर रहा है। नहीं राज्य सरकार, नगर विकास प्रन्यास और नगर परिषद् नें इस बात पर किसी भी स्तर पर कोई आपत्ति व्यक्त की कि न्यायालय कार्यपालिका के अधिकार क्षेत्र में अवांछित हस्तक्षेप कर रहा है। न्यायालय नें अपने एक संबंधित निर्णय में कहा कि पर्यावरण एवं विकास के मध्य संतुलन रखना होगा क्योंकि प्रत्येक विकास पर्यावरण को कुछ न कुछ क्षति पंहुचाता है। पर केवल इसी कारण से विकास को रोका नहीं जा सकता। इसी आधार पर न्यायालय नें होटल समुहों को निर्माण अनुमति दे दी। अब आवासीय मकानों पर पूर्ण रोक निर्णय में गंभीर त्रुटि ही दिखाता है।
किरण नें बताया कि उन्होंने जून 2012 में ही राज्य सरकार से निर्माण निषेध क्षेत्र को लेकर जनता को हो रही पीड़ा के संबंध में प्रश्न पुछा था। सरकार नें अभी तक इसका कोई भी उत्तर नहीं दिया है। सरकार नगर निकायों के अधिनियमों के अन्तर्गत अधिसूचना जारी करके अब तक बसी हुई सभी कॉलोनियों एवं बस्तियों को निर्माण निषेध से मुक्त कर सकती है। जयपुर में ऐसा ही किया गया है। यही इस समस्या का सरल एवं सहज समाधान है।

हर्षाल्लास से मनाया जाएगा किरण का जन्म दिन
उदयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी का सोमवार को जन्म दिवस है। कार्यकर्ताओं एवं शुभ चिंतकों में जन्म दिवस आयोजनों को लेकर अपार उत्साह है। राजसंमद एवं उदयपुर में विविध संगठन एवं भाजपा कार्यकर्ता कई कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उदयपुर में कार्यकर्ता फल व मिठाई वितरण, भव्य आतिशबाजी, एवं दीप यज्ञ कर जन्म दिन को हर्षाेल्लास से मनाएंगे।
प्रवक्ता अनिल चतुर्वेदी नें बताया कि राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी सोमवार को प्रातः राजसंमद क्षेत्र में जन्म दिवस के उपलक्ष में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेगी। वे 29 अक्टूबर को अपराह्न उदयपुर पहुँचेगी। वे कमल वाहिनी, दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच, भारत विकास परिषद्, भारतीय लायंस परिसंघ, मृगेन्द्र भारती एवं सावरकर स्मृति द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में भाग लेगी। तत्पश्चाक सांय 4 बजे उनके सानिध्य में कार्यकर्ताओं द्वारा विकलांग छात्रावास हिरण मगरी सें. 6 में फल एवं मिठाई वितरण का कार्यक्रम है। 4.30 बजे सेक्टर 4 के चौराहे पर भाजयुमो के पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि गोविन्द दीक्षित के नेतृत्व में भव्य आतिशबाजी की जाएगी। महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद उदावत के नेतृत्व में गायत्री चेतना केन्द्र पर दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। किरण कार्यकर्ताओं सहित सांय बोहरा गणेश जी मंदिर में पूजा अर्चना कर देश में शांति एवं समृद्धि की कामना कर आशीर्वाद लेगी।

error: Content is protected !!