एमजीएसयूः ‘राष्ट्रीय स्तर पर चयन हेतु 14वीं युवा संसद प्रतियोगिता’ आयोजित

MGSUबीकानेर, 18 नवंबर। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में शनिवर को राष्ट्रीय स्तर पर चयन हेतु ‘14वीं युवा संसद प्रतियोगिता 2017-18’ का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सभी विभागों से लगभग 58 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। युवा संसद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वर्तमान राजनीतिक ज्वलन्त मुद्दों पर बहस की जिसमें मुख्य रूप से जी.एस.टी., नक्सलवाद व आतंकवाद की समस्याएं, डोकलाम व आरक्षण मुद्दा, देश में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति में सुधार तथा रेल दुर्घटना में सुधार आदि पर परिचर्चा की गई। संसद में प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, शपथ ग्रहण, बिल पारित करना आदि संसदीय कार्यवाही का विद्यार्थियों ने अत्यन्त कुशलता के साथ प्रस्तुति दी। इनमें प्रिया, आयुष, करण सिंह, सिद्धान्त, गिरिराज, कंचन जोधा, प्रज्ञा ने बहस में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरोद्धार तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल थे। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. बी.एल. भादाणी तथा केन्द्रीय संसदीय मंत्रालय के प्रतिनिधि के तौर पर दिल्ली से आए डाॅ. कुश कालरा, दिल्ली मेट्रोपोलिटन इंस्टीट्यूट ने निर्णायक की भूमिका का निर्वहन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भगीरथ सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के आयोजन समिति के सदस्यों डाॅ. अम्बिका ढ़ाका, डाॅ. धर्मेश हरवानी, डाॅ. लीला कौर, डाॅ. प्रगति सोबती, श्री अमरीश सिंह एवं डाॅ. अनिल कौशिक थे तथा अन्य संकाय सदस्यों एवं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों ने युवा संसद प्रतियोगिता में शिरकत की। विश्वविद्यालय टीम की काॅर्डिनेटर डाॅ. अम्बिका ढ़ाका ने बताया कि पश्चिमी जाॅन से चयन होने पर यह टीम अगले चरण में दिल्ली में हिस्सा लेगी।
कार्यक्रम का संचालन डाॅ. अम्बिका ढ़ाका ने किया। कार्यक्रम संयोजक इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. नारायण सिंह राव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

error: Content is protected !!