बीकानेर, 18 नवम्बर। केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने रेल यात्रियों की सुरक्षा व सुविधाएं बढ़ाने, विभिन्न ट्रेनों के संचालन सहित अनेक प्रकरणों पर शनिवार को रेलवे अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन स्थित कक्ष में विचार-विमर्श किया। इस दौरान नोर्थ वेस्टर्न रेलवे के जीएम टी पी सिंह, डीआरएम ए के दुबे, सीनियर डीसीएम सी आर कुमावत, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, गौरव गौड़ मौजूद थे।
केन्द्रीय राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि रेल यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए, चोरी व लूटपाट की घटनाएं रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कांडला से अनूपगढ़ रेल की बीकानेर से कनेक्टिवटी के संबंध में रेलवे व डिफेंस अधिकारी बैठक करें। सूरतगढ़-अनूपगढ़ ट्रेन के फेरे बढ़ाए जाएं व बीकानेर से हरिद्वार चलने वाली ट्रेन का नियमित संचालन किया जाए। उन्होंने बीकानेर-हिसार ट्रेन व लीलन एक्सप्रेस के संचालन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
जिले में मानव रहित फाटकों के संबंध में केन्द्रीय राज्य मंत्री को बताया गया कि ऐसे 30 फाटक शेष रहे हैं, जिन्हें मार्च 2018 तक हटा दिया जाएगा। श्री मेघवाल ने आरयूबी में बरसाती पानी जमा होने की समस्या के समाधान के निर्देश दिए, इस पर डीआरएम ने बताया कि इस दिशा में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग से बात की जाएगी।
– मोहन थानवी