शिक्षा के बिना अंधकारमय होता है जीवन-स्वामी सदानंद महाराज

IMG-20180121-WA0036बीकानेर, 21 जनवरी। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य स्वामी सदानंद महाराज ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अंधकार मय है। हमें चाहिए कि हम शिक्षार्जन करें, जिससे हमारे परिवारों में ज्ञान की रोशनी हो सके।
सदानंद महाराज रविवार को श्रीडूंगरगढ़ के भगवान वाल्मीकि मंदिर में आयोजित पावन योगामृत सत्संग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज, धर्म व शिक्षा के विषय पर विचार रखे गए। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों तथा समाज की विभिन्न प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर शुक्राचार्य दर्शन रत्न रावण, अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय उपसचिव सुनील जावा, विनोद चांवरिया, जगदीश सोलंकी, अशोक चांवरिया, कन्हैयालाल लखन, गंगाराम बारासा, शिवलाल तेजी, श्याम लाल तेजी, भंवर लाल बारासा आदि मौजूद थे।
—–
समाजिक अंकेक्षण ग्राम सभाओं से संबंधित कार्मिकों का मिलेगा प्रशिक्षण
बीकानेर, 21 जनवरी। महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत वर्ष 2017-18 की द्वितीय छमाही के लिए सामाजिक अंकेक्षण कलैण्डर का जारी किया गया है। इस कलैण्डर में निर्धारित तिथियों के अनुसार सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभा करवाने के निर्देश विकास अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह राजावत ने बताया कि निर्देशानुसार ब्लाॅक संसाधन व्यक्तियों का प्रशिक्षण पंचायत समिति अनुसार करवाया जाना है। इससे पहले ब्लाॅक संसधन व्यक्तियों के साथ सहायक अभियंताओं, सहायक कार्यक्रम अधिकारी, ब्लाॅक एमआइएस मैनेजर व पंचायत समिति स्तर पर कार्यरत सामाजिक अंकेक्षण संधारण कार्मिक व लेखा सहायक को निर्धारित तिथियों में भेजना होगा।
कार्यक्रम के अनुसार बीकानेर व लूणकरनसर के ब्लाॅक संसाधन व्यक्तियों का प्रशिक्षण 23 जनवरी, नोखा, पांचू व श्रीडूंगरगढ़ का प्रशिक्षण 24 तथा खाजूवाला व कोलायत का प्रशिक्षण 25 जनवरी को होगा। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि 29 व 30 जनवरी को पंचायत समिति स्तर पर ग्राम संसाधन व्यक्तियों का प्रशिक्षण करवाया जाए।

परहित से बड़ा कोई धर्म नहीं-डाॅ. गोपाल जोशी
शिविरों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के हों प्रयास-जिला कलक्टर
संकल्प फाउण्डेशन, गोपाल मंडल तथा विप्र फाउण्डेशन की ओर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
बीकानेर, 21 जनवरी। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक डाॅ. गोपाल कृष्ण जोशी ने कहा कि परहित से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। दूसरों की सेवा-सुश्रुषा करने वालों को समाज सदैव याद रखता है।
डाॅ. जोशी रविवार को संकल्प फाउण्डेशन, गोपाल मंडल तथा विप्र फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान् में नत्थूसर गेट के बाहर स्थित जोशी कल्याण भवन में आयोजित विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्थाओं द्वारा किया गया सांझा प्रयास अनुकरणीय है। इससे जरूरतमंद लोगों को उनके आसपास निःशुल्क इलाज एवं परामर्श मिलना संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी जन-जन के स्वास्थ्य को ध्यान रखते हुए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें भामाशाह स्वास्थ्य योजना अभिनव योजना है। अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाएं।
जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सुलभ इलाज मिले, सरकार द्वारा इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका भी महत्त्वपूर्ण है। समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे आयोजन हों, जिससे दूरस्थ ग्रामीणों को भी लाभ हो सके। उन्होंने ऐसे शिविरों के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की जानकारी देने का आह्वान भी किया।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी. पी. पचीसिया ने कहा कि बीकानेर की अनेक संस्थाएं सामाजिक सरोकारों का निर्वहन कर रही हैं। इसे दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है। पंडित जुगल किशोर ओझा ‘पुजारी बाबा’ ने कहा कि बीकानेर के कण-कण में दीन-दुखियों की सेवा की भावना है। युवा पीढ़ी का परसेवा में जुटना सुखद है। इस अवसर पर डाॅ. धनपत कोचर तथा पार्षद नरेश जोशी बतौर अतिथि मौजूद थे। संकल्प फाउण्डेशन के विनय शंकर आचार्य ने संस्था का परिचय दिया तथा आयोजन की रूपरेखा बताई। विप्र फाउण्डेशन के जोन बी-1 के प्रदेशाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
दो सौ से अधिक ने उठाया लाभ
शिविर के दौरान दो सौ से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। शिविर के दौरान बीएमडी, ब्लड शूगर तथा ईसीजी की निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शिविर के दौरान मोतियाबिंद के 20 मरीजों का चिन्हीकरण किया गया। इन मरीजों का लैंस प्रत्यारोपण सोमवार को एमएन हाॅस्पिटल में निःशुल्क किया जाएगा। इस दौरान सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों डाॅ. एमपी खत्री, डाॅ. पंकज मोहता, डाॅ. आरती मोहता, डाॅ. अजय गांधी, डाॅ. अरविंद मोहता, डाॅ. संतोष चांडक, डाॅ. नितिन गुप्ता, डाॅ. सौरव अग्रवाल तथा डाॅ. मनीष धानुका का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में कन्हैयालाल जोशी, विप्र फाउण्डेशन के जिलाध्यक्ष भंवर पुरोहित, डाॅ. अनंत जोशी, पूर्व पार्षद परमानंद ओझा, रवि प्रकाश आचार्य, भवानी शंकर आचार्य, श्याम जोशी, बजरंग पुरोहित, लक्ष्मण जोशी, हरिमोहन रंगा, जगदीश किराड़ू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
—–
शहरों से लेकर गांवों तक बिछा सड़कों का जाल-सिद्धि कुमारी
विधायक निधि से तैयार सड़क लोकार्पित
बीकानेर, 21 जनवरी। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धि कुमारी ने रविवार को सूरजपुरा काॅलोनी में विधायक कोष से 5 लाख रुपये की लागत से तैयार सड़क का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सुलभ आवागमन के लिए सड़क तंत्र सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। सरकार द्वारा इस दिशा में महत्ती कार्य किया जा रहा है। आज शहरों से लेकर गांवों तक सड़कों का जाल बिछ गया है। राज्य सरकार की पहल पर गांव-गांव में गौरव पथ बन रहे हैं। सड़क विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि सरकार की समस्त प्राथमिकताएं उनकी प्राथमिकताएं हैं। इसे ध्यान रखते हुए विधायक कोष की राशि सड़कों के निर्माण के लिए भी व्यय की जा रही है।
इस अवसर पर वार्ड 43 की पार्षद किसना देवी के नेतृत्व में हेतराम सियाग, कालूसिंह शेखावत, केके पारीक, केशरी सिंह भाटी ने विधायक का अभिनंदन किया। सुनील छाबड़ा, राखी पारीक, बीना सिंह, जीवरामसिंह शेखावत, राधेश्याम इंदौरिया ने विचार व्यक्त किए। समारोह में रमेश गोयल, भगवानाराम, गणेश मूंड, दलीप रणवा, सुरेन्द्र पूनिया, किसन बिश्नोई, हेतराम बिश्नोई, सुशील बिश्नोई, जयभारत सिंह, इंदिरा देवी सहारण, गीता नेगी, परमेश्वरी गौतम, सावित्री महला तथा जगमोहन सिंह आदि मौजूद थे।
विधायक ने काॅलोनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सीवरेज तैयार करने तथा काॅलोनी की कनेक्टिंग सड़क आदि कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ करवाने का विश्वास दिलाया। स्थानीय महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सामूहिक प्रयासों की जरूरत है।
—–
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वीणा कैसेट समूह के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
बीकानेर, 21 जनवरी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन द्वारा नगर विकास न्यास तथा सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से रवीन्द्र रंगमंच पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
न्यास सचिव आरके जायसवाल ने बताया कि 25 जनवरी को सायं 5 बजे से प्रारम्भ होने वाले इस कार्यक्रम में वीणा कैसेट समूह के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। वहीं विभिन्न स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्कूली कार्यक्रमों का समन्वय मेलबाॅर्न स्कूल द्वारा किया जाएगा।

error: Content is protected !!