भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

द्वितीय फेज में सभी के लिए ज्यादा लेकर आई योजना
*******
बीकानेर। दो वर्षो से प्रदेश में ईलाज से वंचित वर्ग को राहत प्रदान कर मुफ्त ईलाज सुविधा मुहैया करवा रही भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना 13 दिसंबर 2017 से अपने नए स्वरुप के साथ सभी के लिए कुछ ज्यादा लेकर आई है। योजनान्तर्गत सुधार करते हुए कई डुप्लीकेट पैकेज को हटाकर 311 नए पैकेज जोड़े गए हैं साथ ही पैकेज अमाउंट बढ़ाकर गुणवता सुधार के प्रयास भी किए गए हैं। आमजन के लिए धीरे-धीरे सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल के भेद को समाप्त करते हुए उन्हें अपने विवेकानुसार उपचार हेतु चिकित्सालय चुनाव की सुविधा देना भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की वजह से संभव हो पाया है। योजना के नए प्रावधानों और सॉफ्टवेयर की जानकारी देने स्वास्थ्य विभाग और न्यू इंडिया एश्योरेन्स कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को संभाग स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन स्वास्थ्य भवन सभागार में किया गया। मुख्य प्रशिक्षक बीएसबीवाई के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. एम.पी. जैन ने बीएसबीवाई फेज 2 में योजना में आए परिवर्तनों व उनके अनुसार क्रियान्वयन की जानकारी दी। बीएसबीवाई की कार्यक्रम अधिकारी आचु अग्रवाल द्वारा सॉफ्टवेयर में किए गए परिवर्तनों व इन्द्राज के तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्यतः नए प्रावधानों के बाद आ रही समस्याओं के निराकरण किए गए।
सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने अधिकाधिक आमजन को योजनान्तर्गत लाभ दिलाने के निर्देश सभी मार्गदर्शकों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक भर्ती मरीज का वार्ड में जाकर सत्यापन आवश्यक है कि वह योजनान्तर्गत लाभार्थी है अथवा नहीं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 69 हजार से अधिक लोगों को इण्डोर उपचार के दौरान 30 हजार से 3 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान कर कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध करा 50 करोड रू. से ज्यादा की आॅपरेशन व भर्ती सेवाऐं निःशुल्क एवं कैशलेस अधिकृत राजकीय चिकित्सा संस्थानों एवं सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों के माध्यम से प्रदान की जा चुकी है।
2 बैच में संचालित प्रशिक्षण में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व चूरू के भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना प्रभारी व मार्गदर्शकों ने प्रशिक्षण लिया। संयुक्त निदेशक डॉ. एच.एस. बराड़, सीएमएचओ हनुमानगढ़ डॉ. अरुण चमड़िया, बीकानेर जिले में योजना के प्रभारी डॉ. सी.एस. मोदी, डीपीएम सुशील कुमार, न्यू इंडिया एश्योरेन्स कंपनी के सहायक प्रबंधक अजीत शर्मा, अनिल मीणा व ऋषि बगरेट उपस्थित रहे।

प्रदेश की 67 प्रतिशत जनता का आगामी 2 साल के लिए स्वास्थ्य बीमा
डॉ. एम. पी. जैन के अनुसार राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की 67 प्रतिशत जनता का और 2 साल के लिए स्वास्थ्य बीमा कर दिया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा न्यू इण्डिया एश्योरेंस कम्पनी के बीच दिसंबर 2019 तक के लिए एमओयू किया गया है। करार के मुताबिक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना यानिकी एनएफएसए के लाभार्थियों को भामाशाह कार्ड से पहचान द्वारा योजना का लाभ मिल रहा है। प्रत्येक परिवार को सामान्य बीमारियों में 30,000 रूपए व चिन्हित गंभीर बीमारियों के लिए 3,00,000 रूपए का स्वास्थ्य बीमा कवर फ्लोटर बेसिस पर मिल रहा है। योजना को और भी विस्तार दिया गया है कई डुप्लीकेट पैकेज हटाकर, 311 नए पैकेज जोड़कर और अनेक पैकेज को एक साथ करते हुए कुल 1401 प्रकार की बीमारियों के उपचार पैकेज उपलब्ध करवाए गए हैं। इस एमओयू के अनुसार प्रति परिवार प्रतिवर्ष 1263 रुपए की राशि के प्रीमियम का भुगतान किया जायेगा। प्रदेश में इस समय लगभग एक करोड़ परिवार बीएसबीवाई से लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अनुसार इस योजना पर प्रतिवर्ष राज्य सरकार द्वारा प्रीमियम के रूप में 1263 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर

error: Content is protected !!