विशेष जन चेतना अभियान के तहत गुरूवार को निकाली जागरूकता रैली

बीकानेर, 22 फरवरी। क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय तथा आवासन व शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान् में स्वच्छ भारत अभियान व स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रति जन जागरूकता के लिए 19 से 23 फरवरी तक चलाए जा रहे विशेष जन चेतना अभियान के तहत गुरूवार को जागरूकता रैली निकाली गई।
केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने धरणीधर मंदिर से रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इससे पूर्व धरणीधर रंगमंच पर विभाग तथा विक्टोरियस सीनियर सैकण्डरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान् में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से इस अभियान का आगाज़ किया गया। देश को 2019 तक साफ सुथरा बनाने का प्रधानमंत्री के सपने का साकार करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। इसे पूरा करने में देश के बच्चे सबसे अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई के प्रति जागरूकता फैला कर बच्चे न केवल बीकानेर को साफ सुथरा बना सकते हैं बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण सर्वे में अपने शहर को सर्वोपरि स्थान दिला सकते हैं।
डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छता के आह्वान को हर देशवासी ने स्वीकार किया। आज स्वच्छता के प्रति हमारी सोच में अंतर आया है। उन्होंने कहा कि बच्चे, सफाई अभियान के सबसे बड़े संदेश वाहक है। मोहन सुराणा ने कहा कि सभी बच्चे संकल्प लें कि वे स्वयं कचरा बाहर नहीं डालेंगे, न ही पड़ोसियों को ऎसा करने देंगे। उन्होंने कहा कि शहर स्वच्छ होगा तो ही शहर स्वस्थ होगा। शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में जागरूकता के लिए हस्ताक्षर अभियान भी प्रारम्भ किया गया। इस दौरान मेहंदी, रंगोली, रस्साकस्सी, खो-खो, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनोज व्यास ने किया तथा अशोक व्यास ने अतिथियों को आभार जताया।
क्षेत्रीय प्रचार सहायक रमेश स्वामी ने बताया कि राज्य के 6 जिलों में यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें शैक्षिणक संस्थाओं व स्वयं सेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी ली जा रही है। आयोजन में पार्षद सरला परिहार, प्रसार अधिकारी बाडमेर नरेन्द्र कुमार, पुष्करणा वेलफेयर बोर्ड के गोविन्द जोशी, आनंद आचार्य, श्रीकांत व्यास व कृष्णकांत व्यास, करणी समर्थ सेवा संस्थान के मुकेश पंवार सहित बड़ी संख्या में आमलोगों की भागीदारी रही।

—–
अन्नपूर्णा भंडार संचालकों की बैठक 28 फरवरी को
बीकानेर, 22 फरवरी। जिले में अन्नपूर्णा भंडार संचालकों की समस्याओं के निराकरण के लिए 28 फरवरी को किसान भवन में प्रातः 11 बजे से बैठक आयोजित की जाएगी। जिला रसद अधिकारी गौतम चंद जैन ने यह जानकारी दी।
—–
छठी अंतर संभागीय राजस्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुक्रवार से
बीकानेर, 22 फरवरी। राजस्व मंडल के तत्त्वावधान में छठी अंतर संभागीय राजस्व कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुक्रवार से प्रारम्भ होगी। 25 फरवरी तक सादुल क्लब मैदान में चलने वाली इस प्रतियोगिता में 7 संभागों व राजस्व मंडल की 1 सहित कुल आठ टीमें भाग लेंगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 23 फरवरी को प्रातः 10 बजे होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्व मंडल पंजीयक विनीता श्रीवास्तव हाेंगी व अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा करेंगे। विशिष्ट अतिथि राजस्व मंडल सदस्य एम एल नेहरा व नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका होंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह सादुल क्लब मैदान में 25 फरवरी को सायं 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व मंडल सदस्य एम एल नेहरा होंगे, अध्यक्षता संभागीय आयुक्त अनिल गुप्ता करेंगे तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम महापौर नारायण चौपड़ा व पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा होंगे।

error: Content is protected !!