राजश्री योजना का लाभ शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश

भीषण गर्मी में मौसमी बीमारियों की करें सतर्कता से रोकथाम: जिला कलेक्टर
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित

************
बीकानेर। राजश्री योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना है। इसके भुगतान में आ रही प्रत्येक समस्या को प्राथमिकता से दूर करते हुए शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाया जाए। उक्त निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने राजश्री योजना की द्वितीय किश्त के भुगतान के लिए मिशन मोड पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वे सोमवार को स्वास्थ्य भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने मौके पर ही पीसीटीएस ऑनलाइन सॉफ्टवेयर पर संस्थावार पेंडेंसी की समीक्षा की। सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने राजश्री योजना के लिए क्षेत्र के ई-मित्र से समन्वय स्थापित कर भामाशाह कार्ड आध्यतन करवाने, प्रत्येक माह अग्रिम सूची तैयार कर एएनएम को देने और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। डीपीएम सुशील कुमार ने एनआईसी मेल पर उपलब्ध निःशुल्क एसएमएस सेवा के माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी तक बार-बार सूचना पहुंचाने पर जोर दिया। उक्त सम्प्रेषण के हाल ही में काफी सकारात्मक परिणाम मिले हैं।
इससे पूर्व सीएमएचओ डॉ. चौधरी ने एजेंडावार सभी बिन्दुओं पर समीक्षा की। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पिछले वर्ष की तुलना में फेज 2 में आई गिरावट की संस्थावार समीक्षा की। उन्होंने निजी चिकित्सालयों के अच्छे प्रदर्शन की ओर ध्यान आकृष्ट किया और सीएचसी स्तर पर प्रयास बढाने के निर्देश दिए। उन्होंने नीति आयोग के रैंकिंग इंडेक्स की जानकारी देते हुए परिवार कल्याण में जिले की अच्छी उपलब्धि से जिला कलेक्टर को अवगत कराया। डॉ. चौधरी ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में निःशुल्क सेवाएँ दे रहे निजी क्षेत्र के चिकित्सकों से प्रत्येक माह की 8 तारीख तक अवश्य संपर्क करने और आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कायाकल्प कार्यक्रम और गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित सुधार करते हुए जिले को अधिकाधिक पुरस्कार दिलाने का आह्वान किया। डीटीओ डॉ. सीएस मोदी ने टीबी का इलाज ले रहे निक्शय पोर्टल पर पंजीकृत मरीजों के आधार व बैंक खाते अपडेट करवाने के निर्देश दिए ताकि उन्हें मिलने वाली आर्थिक सहायता सुचारू हो सके। आरसीएचओ डॉ. रमेश गुप्ता ने 5 बिंदु मोनिटरिंग के अंतर्गत एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण इत्यादि की प्रगति समीक्षा की। डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ. इंदिरा प्रभाकर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम व एपिडेमियोलोजिस्ट नीलम प्रताप सिंह ने तम्बाकू नियंत्रण कानून कोटपा एक्ट की पालना की समीक्षा की। बैठक में डॉ. नवल किशोर गुप्ता, डीएएम राजेश सिंगोदिया, डीएनओ मनीष गोस्वामी, आशा समन्वयक रेणू बिस्सा, आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य सहित समस्त बीपीएम व चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।

लू तापघात से रखें विशेष सावधानी
भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में उल्टी-दस्त व लू-तापघात के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सक ना केवल संवेदनशीलता से उपचार करें बल्कि सतर्कता से इनकी रोकथाम के प्रयास भी करें। ये निर्देश देते हुए जिला कलेक्टर डॉ. गुप्ता ने मौसमी बीमारियों की लगातार स्क्रीनिंग जारी रखने पर जोर दिया ताकि किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। डीपीसी डॉ. नवल किशोर गुप्ता ने निःशुल्क दवा योजना की प्रगति समीक्षा कर मौसमी बीमारियों से सम्बंधित औषधियों की आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर

error: Content is protected !!