बीकानेर, 28 मई। जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने सोमवार को राजस्थान संपर्क के सर्वाधिक लंबित प्रकरणों वाले दस विभागों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन विभागों में लेवल-1 पर सर्वाधिक प्रकरण लंबित हैं। यह संख्या कम करने के लिए अधिकारी गंभीरतापूर्वक कार्य करें। विभाग स्तर पर भी इसकी नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए। प्रत्येक निस्तारित प्रकरण को अपलोड किया जाए। उन्होंने विभागों में लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा उनकी प्रकृति की जानकारी ली।
इन विभागों के सर्वाधिक प्रकरण हैं लंबित
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पंचायत राज, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, स्थानीय निकाय, जोधपुर विद्युत वितरण निगम, राजस्व, सार्वजनिक निर्माण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सर्वाधिक प्रकरण लंबित हैं।
जिला कलक्टर ने ली पानी-बिजली और मौसमी बीमारियों से संबंधित बैठक
बीकानेर, 28 मई। जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बिजली-पानी तथा मौसमी बीमारियों से संबंधित बैठक ली। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग द्वारा लू एवं तापघात से बचाव के लिए आमजन को जागरूक किया जाए। अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्थाएं हों तथा दवाईयों की कमी नहीं रहे। आवश्यकता के अनुसार अलग वार्ड बनाए जाएं। उन्होंने पेयजल सप्लाई की स्थिति जानी तथा कहा कि जल भंडारण स्त्रोतों की नियमित सफाई करवाई जाए। जिला प्रशासन द्वारा भी अधिकारियों की टीम बनाकर इसकी जांच करवाई जाएगी। उन्होंने हैण्डपम्प रिपेयरिंग अभियान की प्रगति जानी तथा कहा कि विद्युत एवं पीएचइडी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
डॉ. गुप्ता ने ग्रामीण गौरव पथ की प्रगति के बारे में जाना तथा कहा कि जिले में मरम्मत योग्य समस्त सड़कों की सूची उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने घरेलू और कृषि विद्युत सप्लाई की समीक्षा की तथा कहा कि जीएसएस के लिए भूमि आवंटन से संंबंधित कोई प्रकरण लंबित है तो इसकी सूचना दी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागीय उपलब्धियों की जानकारी निर्धारित फॉर्मेट में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण दें आरएसएलडीसी-डॉ. गुप्ता
बीकानेर, 28 मई। जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आरएसएलडीसी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आरएसएलडीसी द्वारा भुजिया, पापड़, उस्ता कला सहित स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित अन्य प्रशिक्षण भी दिए जाएं। इससे युवाओं को बीकानेर में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। उन्हाेंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे वे स्वरोजगार की ओर बढ़ सकें।
जिला कलक्टर ने कहा कि आरएसएलडीसी प्रबंधक नॉम्र्स के अनुसार प्रशिक्षण केन्द्रों के औचक निरीक्षण करें। केन्द्रों पर नियमानुसार सभी व्यवस्थाएं हों, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नए प्रशिक्षण केन्द्रों के लिए निरीक्षण का कार्य अतिशीघ्र कर लिया जाए। आरएसएलडीसी के जिला प्रबंधक अमित रील ने बताया कि आरएसएलडीसी द्वारा अब तक 2 हजार 858 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान में 7 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत 258 युवा प्रशिक्षणरत हैं। इनमें से 1 हजार 429 युवाओं का प्लेसमेंट हो चुका है। बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर.के. सेठिया, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद सलीम, आरएसएलडीसी समन्वयक विवेक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं ट्रेनिंग पार्टनर मौजूद थे।
गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़े का शुभारम्भ
9 जून तक चलेगा अभियान
बीकानेर, 28 मई। जिला कलक्टर डॉ एन के गुप्ता ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन में गहन दस्त नियंत्रण पखवाड़े का शुभारम्भ किया। डॉ गुप्ता ने छोटे बच्चों को ओआरएस का घोल पिला कर इसकी शुरूआत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डायरिया छोटे बच्चों के लिए बहुत नुकसानदायक साबित हो सकता है। अभिभावक दस्त के त्वरित व प्रभावी नियंत्रण के लिए बच्चों को अनिवार्य रूप से ओआरएस का घोल व जिंक की गोलियां देकर बच्चों को इस बीमारी से बचा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए डॉ गुप्ता ने कहा कि 9 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत चिकित्सा अधिकारी डायरिया से बचाव के उपायों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करवाएं तथा अधिकाधिक लोगों को इस जानकारी से लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि पखवाड़े के दौरान नियमित मॉनिटरिंग कर डेली रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित किया जाए। कुपोषित बच्चों की लिस्ट भी नियमित रूप से भिजवाएं।
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री राजश्री योजना की प्रथम व द्वितीय किश्त के तहत जिन प्रकरणों में भुगतान लम्बित हैं, उनमें आ रही कमियों को दूर करते हुए अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर इन प्रकरणों का निस्तारण करवाएं। जिला कलक्टर ने कहा कि जिन प्रकरणों में भामाशाह कार्ड अपडेशन या वेरीफिकेशन की समस्या है उन्हें न्याय आपके द्वार शिविरों के दौरान दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि लम्बित मामलों की लिस्ट सम्बंधित कर्मचारी को सौंपें तथा कैम्प के दौरान सम्बंधित का भामाशाह कार्ड आदि का अपडेट करवा कर इन किश्तों का भुगतान करवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलक्टर ने आदर्श पीएचसी, कायाकल्प, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस, एम्बुलेंस सेवा 104 तथा 108, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए। इस अवसर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेन्द्र चौधरी, डॉ आरसी गुप्ता, डॉ. नवल गुप्ता, डॉ सीएस मोदी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
पेंशनधारकों को करवाना होगा भौतिक सत्यापन
बीकानेर, 28 मई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सभी पेशनर्स का वार्षिक सत्यापन करवाया जाना जरूरी है।
कोषाधिकारी डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने बताया कि इसके सभी पेंशनधारक नगर पालिका, नगर निगम, पंचायत समिति तथा उपखण्ड अधिकारी कार्यालय अथवा नजदीकी ई मित्र अथवा अटल सेवा केन्द्र पर पेंशन स्वीकृति आदेश (पीपीओ) की छायाप्रति के साथ संपर्क कर भौतिक सत्यापन की कार्यवाही संपादित करवाएं, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की रूकावट नहीं आए।
एमजेएस तृतीय चरण- भानीपुरा में आयोजित होगा सामूहिक श्रमदान
बीकानेर, 28 मई। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तीसरे चरण के तहत खाजूवाला पंचायत समिति की अमरपुरा ग्राम पंचायत के भानीपुरा ग्राम में सामूहिक श्रमदान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ एन के गुप्ता ने बताया कि भानीपुरा के आगुणा बास तलाई निर्माण स्थल पर गुरुवार को प्रातः 7.30 बजे सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम होगा, इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आमजन भाग लेंगे।
नवीनतम तकनीक से प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित
बीकानेर, 28 मई। चर्म प्रशिक्षण योजना के तहत नवीनतम तकनीक से प्रशिक्षण के लिए मास्टर क्राफ्टमैन के नए पैनल बनाने हेतु जिले के इच्छुक मास्टर क्राफ्टमेन, जो एफडीडीआई एवं सीएलआरआई संस्थाओं से प्रमाण पत्र प्राप्त किए हुए हाें, 15 जून तक जिला उद्योग केन्द्र में आवेदन कर सकते हैं। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक आर. के. सेठिया ने बताया कि 1990 से संचालित योजना के तहत चर्म, रंगाई, नागरा जूती, लेटर गुड्स व लेदर टॉयज बनाने की नवीनतम तकनीक का प्रशिक्षण जिला उद्योग केन्द्रों के माध्यम से दिया जाता है।
उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी
बीकानेर, 28 मई। नोखा नगर पालिका के वार्ड 5 के सदस्य पद के उपचुनाव के लिए सोमवार को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई। पहले दिन एक भी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवंत भाकर ने बताया कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में वार्ड पंच के उपचुनाव के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन भी सोमवार को कर दिया गया। जिले की लूनकरणसर पंचायत समिति की रावांसर ग्राम पंचायत के वार्ड 7, कोलायत की भोलासर के वार्ड 1, नोखा की मैनसर के वार्ड 2 तथा पांचू की जयसिंहदेसर मगरा के वार्ड संख्या 1 व 11 तथा पांचू ग्राम पंचायत के वार्ड 7 के लिए उपचुनाव होंगे।