राज्यस्तरीय सिन्धु महाकुम्भ का आयोजन 17 जून को

जयपुर, 14 जून 2018
भारतीय सिन्धु सभा व सिन्धी समाज के सामाजिक संगठनों की ओर से रविवार, दिनांक 17 जून 2018 को प्रातः 9.30 बजे राज्यस्तरीय सिन्धु महाकुम्भ का आयोजन स्थानीय सीतापुरा टोंक रोड स्थित जयपुर एग्जीबिशन एण्ड कन्वेशन सेन्टर पर किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक हरगुणदास नेभनाणी ने बताया कि इस महाकुम्भ में सम्पूर्ण राजस्थान से हजारों की संख्या में सिन्धुजन सम्मिलित होंगे। प्रदेश की पूज्य सिन्धी पंचायतें, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन एवं धार्मिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल वाधवाणी ने कहा कि महाकुम्भ में युवाओं एवं मातृशक्ति की विशेष रूप से भागीदारी रहेगी। भीलवाड़ा के हरिशेवा सनातन मन्दिर के सहयोग से तैयार विशाल सिन्धु घाटी सभ्यता व संस्कृति की विशाल प्रदर्शनी भी होगी। इसे गुलाबराय मीरचन्दाणी ने तैयार किया है। सिन्ध के गौरवमयी इतिहास को बड़ी स्क्रीन पर प्रस्तुत किया जायेगा।
सह संयोजक मोहन नानकाणी ने कहा कि सिन्धु महाकुम्भ का उद्देश्य सिन्धी समाज की 5 प्रमुख मांगों को केन्द्र सरकार के समक्ष रखना है। इन प्रमुख मांगों में केन्द्रीय सिन्धी विश्वविद्यालय की स्थापना, दूरदर्शन पर पृथक सिन्धी चैनल, गणतन्त्र दिवस पर राजपथ पर सिन्धी संस्कृति की झांकी, सिन्धु सभ्यता और संस्कृति का राष्ट्रीय स्मारक तथा चेटीचण्ड पर राष्ट्रीय अवकाश जैसे बिन्दु सम्मिलित हैं।
सहसंयोजक मुकेश लख्याणी ने बताया कि इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मन्त्री श्री श्रीचन्द्र कृपलानी, शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी, विधायक ज्ञानदेव आहुजा, तरूणराय कागा एवं श्री अमरापुर दरबार की संत मण्डली, भीलवाड़ा की हरिशेवा सनातन मंदिर सहित देशभर से पधारे संत महात्माओं के आशीर्वचन भी मिलेंगे। भारतीय सिन्धु सभा के केन्द्रीय पदाधिकारी लधाराम नागवाणी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, भगतराम जी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, भगवान दास सबनाणी, राष्ट्रीय महामंत्री लेखराज माधू, संरक्षक भारतीय सिन्धु सभा सहित कई पदाधिकारी भाग लेंगे।
सिन्धी समाज की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश महामंत्री महेन्द्र तीर्थाणी ने समाज को आह्वान करते हुए कहा कि समस्त समाज बन्धु एकत्र होकर एकता का प्रदर्शन करें ताकि सरकार सिन्धी समाज की मांगों को पूर्ण करे।
संवाददाता सम्मेलन में संभाग प्रभारी हीरालाल तोलाणी, जयपुर महानगर अध्यक्ष डॉ. कैलाश शिवलाणी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!