मतदाता जागरुकता अभियानः ग्यारह सौ दीपक जलाकर दिया संदेश

बीकानेर, 5 नवंबर। मतदाता जागरुकता अभियान के तहत सोमवार को साले की होली में ‘एक दीपक मतदान के नाम’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। धनतेरस के अवसर पर ग्यारह सौ दीपक जलाकर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया। आमजन ने हस्ताक्षर करते हुए ‘लोकतंत्र के उत्सव’ में भागीदारी का संकल्प लिया। वहीं कठपुतली शो आयोजित हुआ तथा ईवीएम-वीवीपैट का प्रदर्शन भी किया गया।
स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा ‘द अटेंशन ग्रुप’ के संयुक्त तत्वावधान् में आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) तथा बीकानेर पश्चिम विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी शैलेन्द्र देवड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा ने की। देवड़ा ने कहा कि दीपावली के अवसर पर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करने का यह सशक्त माध्यम है। उन्होंने मतदाता जागरुकता अभियान में संस्था की भागीदारी को सराहनीय बताया तथा कहा कि इस पहल से प्रेरित होकर सभी अपने-अपने घरों में ‘मतदान के नाम एक दीपक’ जरूर जलाएं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मतदान प्रतिशत वृद्धि के मामले में बीकानेर जिला पहले पायदान पर पहुंचे, इसके लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुनील बोड़ा ने कहा कि स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा शहरी क्षेत्र में लगातार मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इससे महिलाओं और वृद्धों को वीवीपैट की जानकारी हो पाई है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र की अनेक संस्थाएं अभियान से जुड़ चुकी हैं। कार्यक्रम प्रभारी स्वरूप सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। संस्था द्वारा विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
घर-घर से पहुंचे दीपक लेकर
मतदाता जागरुकता के लिए आयोजित हुए इस कार्यक्रम से प्रभावित होकर स्थानीय लोग भी कार्यक्रम स्थल पर दीपक लेकर पहुंचे। काॅलेज छात्रा सीमा आचार्य ने बताया कि वह पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेगी। इसे लेकर वह अत्यंत उत्सुक है। दामोदर पुरोहित ने स्वयं मतदान करने के साथ, अपने परिजनों तथा रिश्तेदारों को भी इसके लिए प्रेरित करने का विश्वास दिलाया। वरिष्ठ नागरिक पूनम चंद बिस्सा ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन एक महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें शत-प्रतिशत भागीदारी होनी चाहिए।
‘कठपुतली शो’ रहा आकर्षण का केन्द्र
कार्यक्रम के दौरान आमजन ने ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। स्वीप प्रकोष्ठ सदस्य प्रवीण टाॅक ने इसकी विशेषताओं के बारे में बताया। वहीं स्वीप कमेटी सदस्य ठाकुरदास स्वामी, सुरेन्द्र पारीक, मदन लाल सुथार द्वारा कठपुतली शो के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। ग्रुप द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। बड़ी संख्या में आमजन ने हस्ताक्षर करते हुए ‘लोकतंत्र के उत्सव’ में भागीदारी का संकल्प लिया। भूरमल सोनी द्वारा मतदाता जागरुकता के लिए बनाई गई विभिन्न कलाकृतियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं। पारूल आचार्य और ज्योत्सना व्यास के नेतृत्व में काॅलेज छात्राओं द्वारा रंगोली बनाई गई।
इस दौरान सीओ सिटी पवन कुमार शर्मा, नयाशहर थानाधिकारी ईश्वरप्रसाद जांगिड़, निर्वाचन शाखा के किसन कुमार पुरोहित, श्रीवल्लभ जोशी, स्वीप कमेटी सदस्य गोपाल जोशी, पवन खत्री, द अटेंशन ग्रुप के शिवकुमार पुरोहित, संवाई सिंह, राजीव आचार्य, गौरव रंगा सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

error: Content is protected !!