नारी अपने भीतर त्याग की चेतना को जगाए: साध्वीश्री गुप्तिप्रभा जी

अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘‘शिखर वार्ता एवं प्रेरणा सम्मान’’ का कार्यक्रम आयोजित
गंगाशहर। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिनांक 11 मार्च, 2019 को गंगाशहर महिला मंडल द्वारा ‘‘शिखर वार्ता एवं प्रेरणा सम्मान’’ का आयोजन गंगाशहर स्थित शांति निकेतन में शासनश्री साध्वीश्री अमितप्रभाजी व साध्वीश्री गुप्तिप्रभाजी के सान्निध्य में सानन्द सम्पन्न हुआ।
शासनश्री साध्वीश्री अमितप्रभाजी ने मंगल उद्बोधन में कहा कि बहनें ममता, समता व क्षमता का खूब विकास करें। दर्शन केन्द्र, विशुद्धि केन्द्र तथा ज्योति केंद्र पर ध्यान का प्रयास करें। साध्वीश्री गुप्तिप्रभा जी ने बहनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला स्वयं एक विधाता है। नारी अपने भीतर त्याग की चेतना को जगाए, स्वार्थ से ऊपर उठकर काम करें। श्रद्धा सेवा, शिक्षा, संस्कार व समर्पण के पंचामृत से खुद को संवारे।
मुख्य अतिथि भारतीय स्काउट गाइड की उपाध्यक्ष विमला डुकवाल ने कहा कि सबसे पहले अपने परिवार पर ध्यान देना चाहिए। अपनी आंतरिक सुंदरता को संवारें, केवल बाहरी आकर्षण को ना देखे। उन्होंने भाइयों को भी कहा कि आप ऐसी परिस्थितियां पैदा ही नहीं करें कि नारी अपना रौद्र रुप दिखाने के लिए मजबूर हो जाए।
मंडल अध्यक्षा मंजू आंचलिया ने सभी का स्वागत करते हुए संवारे अपनी तकदीर, बदले देश की तस्वीर विषय पर विचार रखे। नयनतारा छलानी ने प्रमुखाश्री जी के संदेश का वाचन किया। राष्ट्रीय समिति की सदस्या सुधा भूरा ने विचारों की अभिव्यक्ति दी।
कार्यक्रम के दौरान मधु छाजेड़ ने मधु देवी बोथरा का परिचय दिया तथा जयश्री भूरा ने सम्मान पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर संघर्ष व साहस तथा सेवा और आत्मविश्वास से शिखर तक की यात्रा करने वाली मधु देवी बोथरा को प्रेरणा सम्मान से सम्मानित किया। आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष जैन लूणकरण छाजेड़ ने कहा कि मधु देवी श्रद्धा, सेवा और समर्पण की मिशाल है। उन्होंने मंडल के इस कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम की विधिवत् शुरूआत साध्वीश्री जी द्वारा नमस्कार महामंत्र के बाद मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत से हुआ। इस अवसर पर सभाध्यक्ष डॉ. पी.सी. तातेड, तेयुप के भरत गोलछा, शारदा डागा, रतन बोथरा, कन्या मंडल आदि बहनों ने अपने अपने विचारों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान अन्य समाज की बहनों की भी उपस्थिति रही। सभी आगंतुकों का आभार मंत्री संजू लालाणी ने किया तथा कुशल संचालन प्रेम बोथरा ने किया। अंत में अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
संजू लालाणी मंत्री

error: Content is protected !!