आरएसएस के प्रांत प्रचारक ने नवग्रह आश्रम गौदर्शन गौशाला का किया अवलोकन

ग्राम स्वराज व स्वालंबन की परिकल्पना अब होगी साकार- विजय आनंद

शाहपुरा -(मूलचन्द पेसवानी) राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ चित्तौड़ प्रांत के प्रांत प्रचारक विजय आनंद ने गुरूवार को भीलवाड़ा जिले के मोतीबोर का खेड़ा में स्थित श्रीनवग्रह आश्रम व गौदर्शन गौशाला का अवलोकन किया। यहां उन्होंने हर गतिविधि की जानकारी प्राप्त करते हुए संचालक हंसराज चोधरी को साधुवाद दिया कि वास्तव में ग्राम स्वराज व स्वालंबन की परिकल्पना साकार होगी। उनके साथ जिला प्रचारक ओमप्रकाश भी थे।
चित्तौड़ प्रांत के प्रांत प्रचारक विजय आनंद ने कहा कि देश में 14 नस्लों की देशी गायों का एक छत के नीचे पालन केवल नवग्रह आश्रम में ही देखा है। इससे न केवल गौसंवर्धन कार्य आगे बढ़ेगा वरन गौ उत्पाद के बारे में भी आम लोगों को जागरूक किया जा सकेगा।
आश्रम के अवलोकन के दौरान उन्होंने संचालक हंसराज चोधरी ने प्रांत क्षेत्र के विभिन्न जिलों के बारे में विस्तार से चर्चा की तथा वनौषधियों के संरक्षण व गौसंवर्धन के बारे में विचार विमर्श किया। उन्होंने आश्रम परिसर की व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर यहां पर आरएसएस ग्रामीण भारती व ग्राम संगम के अभ्यास वर्ग कराने का भी अनुरोध किया।
चित्तौड़ प्रांत के प्रांत प्रचारक विजय आनंद ने कहा कि आज जैविक कृषि, गौपालन, समरसता, स्वच्छता एवम् व्यसनमुक्ति इन पाँच विषयों में कार्य करने की महत्ती जरूरत है। भीलवाड़ा जिले में यों तो कार्य अच्छा हो रहा है पर इसको विस्तारित रूप् देने की जरूरत है। इससे ग्राम विकास के कार्य में अच्छी गति आयेगी।
उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन में नित्य ही सकारात्मक एवम् नकारात्मक घटनाओं का क्रम चलता रहता है। अपने कार्य के द्वारा हम समाज में जागरण एवम् चेतना शक्ति को जागृत करते हुए संगठित होकर परिवर्तन की दिशा में बढ़ रहे हैं। सर्वत्र अत्यंत अनुकूलता का वातावरण और अपने कार्य की स्वीकार्यता बढ़ी है। इन सारी परिस्थितियों में दृढ़ता के साथ संकल्पबद्ध होकर, हमारी अंतर्गत सामाजिक समस्याओं का निराकरण करते हुए हम सबके समन्वित प्रयास से ही अपना मार्ग प्रशस्त होगा यह विश्वास है।
शुरूआत में प्रांत प्रचारक का आश्रम पहुंचने पर आश्रम संचालक हंसराज चोधरी ने स्वागत किया तथा आश्रम का साहित्य भेंट किया। गोशाला प्रबंधक महिपाल चोधरी ने गौशाला की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

error: Content is protected !!