शूटिंग के लिए पहुंचे एक्टर कमाल मलिक
जयपुर, 14 अप्रैल। बॉलीवुड अभिनेता कमाल मलिक राजधानी जयपुर आए हैं। वे यहां अपनी आने वाली आइसक्रीम फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। एनआईएमएस यूनिवर्सिटी एवं शहर के आसपास अन्य लोकेशन पर फिल्म की शूटिंग की जा रही है।
कमाल एक जाना-पहचाना चेहरा है, जिन्होंने बड़े पर्दे पर फिल्मी सितारों के साथ-साथ छोटे पर्दे पर भी बखूबी अभिनय किया है। अब वे जल्द ही आइसक्रीम फिल्म में दिखाई देंगे। यह सस्पेंस व रोमांटिक फिल्म होगी। बेहतरीन दृश्यों के साथ ही फिल्म का संगीत भी शानदार होगा। फिल्म के निर्देशक निकी बत्रा और निर्माता विकास सिंह व अनिता पासवानी हैं। यह फिल्म अगस्त तक रिलीज हो जाएगी। फिल्म शूटिंग में जयपुर की ग्लोबल कनेक्ट इवेंट्स एंड एंटरटेनमेंट के डायरेक्टर फैजल जफर व क्रिएटिव डायरेक्टर एमएस विन्सेंट, मिस विन्सेंट भी अहम भागीदारी निभा रहे हैं।
गुलाबी नगरी से है खास लगाव
फिल्म शूटिंग के दौरान एक्टर कमाल मलिक ने कहा कि गुलाबी नगरी की आबोहवा अच्छी है। यहां के लोग बड़े प्यारे हैं। वे जयपुर में शूटिंग करके बेहद खुश हैं। कमाल ने अक्षय कुमार के साथ फिल्म एयरलिफ्ट, सलमान खान के साथ फिल्म रेस 3 एवं राधे, रजनीकांत के साथ फिल्म दरबार और संजय दत्त के साथ फिल्म प्रस्थानम में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। छोटे पर्दे के मशहूर धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा, कौन बनेगा करोड़पति (प्रोमो), क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया, नागिन 5, गुड्डन तुमसे न हो पाएगा में भी उम्दा अभिनय कर चुके हैं।