राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और टोंक विधायक सचिन पायलट के 44वें जन्मदिन से एक दिन पूर्व विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कांग्रेस पार्टी के यवा नेता आजाद सिंह राठौड़ के नेतृत्व में बाड़मेर शहर, गाँव एवं ढाणियों में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं युवाओं के सहयोग से पन्द्रह हजार थार का कल्पवृक्ष कहलाये जाने वाली खेजड़ी व पाँच हज़ार अन्य औषधीय पौधे लगाये।
कांग्रेस पार्टी के युवा नेता आजाद सिंह राठौड़ ने कहा कि हमारे नेता सचिन पायलट जी पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर हमेशा प्रयासरत रहते है, साथ ही प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन सभी जीव जगत के लिए बेहद ही अनिवार्य है, पेड़ प्रकृति का आधार हैं। पेड़ों के बिना प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। सचिन पायलट के जन्मदिन के अवसर पर बाड़मेर में इतनी बड़ी संख्या में हुए पौधारोपण के लिए सभी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधी एवं युवासाथी बधाई के पात्र है।
कार्यक्रम प्रभारी जालम सिंह मिठड़ा व भूरा राम थोरी ने बताया कि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के जन्मदिवस पर आरसीए पूर्व कोषाध्यक्ष युवा नेता आजाद सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ग्राम पंचायत मुरटाला गाला में पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। जिसके पश्चात बाड़मेर शहर, गाँव एवं ढाणियों में कार्यकर्ताओं द्वारा बीस हजार पौधे लगाए गए।
इंटक जिलाध्यक्ष मुलतान सिंह ने बताया बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में पौधों को पहले ही वितरित कर ग्राम वसियों तक पहुँचा दिया गया था जिन्हें आज जन प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं युवाओं ने साथ मिलकर यह ऐतिहासिक पौधारोपण किया।
दलित युवा नेता और पूर्व बाड़मेर विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नारायण मेघवाल ने बताया कि इस वर्ष सचिन पायलट के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर रिकॉर्ड पौधारोपण बाड़मेर की गाँव, ढ़ाणी, शहर, कस्बों में कर पर्यावरण संरक्षण एवं पायलट साहब के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन कामना की गई साथ ही पौधारोपण के पश्चात स्थानीय लोगों को संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।