वाईल्ड लाईफ क्राईम कन्ट्रोल ब्यूरो व मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को लिखा पत्र
भीलवाड़ा। वाईल्ड लाईफ क्राईम कन्ट्रोल ब्यूरो के पूर्व विशेषाधिकारी व पीपुल फॉर एनीमल्स के प्रदेश प्रभारी बाबूलाल जाजू ने अजमेर मंे दरगाह के आमाबाव इलाके मंे जड़ी बूटियों व नगीनों की आड़ में हजारों बिच्छू सहित अन्य वन्यजीवों व जन्तुओं का तैल व दवाईयां बेचने के मामले मंे भारत सरकार के वाईल्ड लाईफ क्राईम कन्ट्रोल ब्यूरो की अति. निदेशक तिलोत्तमा वर्मा तथा राज्य के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र लिखकर कार्यवाही की मांग की है।
जाजू ने बताया कि पुलिस व वन विभाग की अनदेखी के चलते पिछले अनेक वर्षों से दरगाह के आमाबाव क्षेत्र मंे बिच्छूओं की खरीद फरोख्त व उन्हें मारकर उनका तैल निकालने व दवाईयंा बनाने व बेचने का कार्य अवैध रूप से संचालित है। जाजू ने आशंका व्यक्त की है कि बिच्छू के अलावा अन्य दुर्लभ जीवों की भी खरीद फरोख्त इनके द्वारा किये जाने एवं इनके तार अंतर्राष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों से भी जुडे़ होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। जाजू ने बताया कि बिच्छू के तैल को स्कॉर्पियन मैजिक ऑयल के नाम से बेचा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंे भी दस हजार बिच्छूओं को बरामद किया गया था परंतु पुलिस व वन विभाग द्वारा आरोपीयों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं किये जाने से यह सिलसिला निरंतर जारी है।