पिंक सिटी प्रेस क्लब, जयपुर में लघु समाचार पत्रों की चुनौतियां’ विषय पर परिचर्चा 30 अगस्त को
जयपुर ।( अशोक लोढ़ा ) राजस्थान मीडिया एक्शन फोरम द्वारा 30 अगस्त 2022, मंगलवार को अनिल सक्सेना (संस्थापक अध्यक्ष) की अध्यक्षता में पिंक सिटी प्रेस क्लब, नारायण सिंह सर्कल के पास, जयपुर में वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार स्वर्गीय वशिष्ठ कुमार शर्मा की स्मृति में वर्तमान परिवेश में ‘लघु समाचार पत्रों की चुनौतियां’ विषय पर परिचर्चा होगी । कलम के धनी, श्रेष्ठ वक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, कुशल पत्रकार और संपादक, वशिष्ठ कुमार शर्मा 1954 से प्रदेश में पत्रकारिता शुरू करने वाले बहुमुखी प्रतिभा संपन्न व्यक्तित्व के धनी थे। अपने सार्वजनिक जीवन के शुरूआत से ही शर्मा ने पत्रकारिता धर्म निभाने के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बखूभी निभाया। शर्मा जनता के पत्रकार के रूप में पहचाने जाते थे । उन्होंने 1954 से दैनिक नवयुग से अपनी पत्रकारिता शुरू की। जयपुर से प्रकाशित दैनिक लोकवाणी, नवयुग, उदयपुर एक्सप्रेस होते हुए बनारस से प्रकाशित दैनिक आज और कोलकाता के सन्मार्ग से सक्रिय रूप से जुड़े थे। छात्र जीवन से पत्रकारिता से जुड़े शर्मा ने पांचवें और छठे दशक में धमाके के साथ पत्रकारिता शुरू की थी ।शर्मा न केवल पत्रकार थे बल्कि साहित्यकार भी थे । उनका हमेशा प्रयास रहा कि सामाजिक चेतना की अलख जगाते समाज के दो महत्वपूर्ण अंग, पत्रकार और साहित्यकार मिल कर काम करें। दोनो क्षेत्र उत्कृष्ट क्रांति की अनुभूति कराते हुए मार्ग प्रशस्त करने का कार्य करते है ।  राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान मीडिया एक्शन फोरम के संस्थापक अध्यक्ष अनिल सक्सेना को शुभकामनाएँ देते हुए लिखे पत्र में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय वशिष्ठ कुमार शर्मा की स्मृति में परिचर्चा का आयोजन अपने आप में महत्वपूर्ण है । इससे लघु समाचार पत्रों की चुनौतियां के विभिन्न पहलुओं पर एक दूसरे के ज्ञान, अनुभव, विचारो एवं उपलब्धियों पर विचार विमर्श करने का अवसर मिलता है ।