जयपुर । अमराई साहित्य संस्था अमराई साहित्य संस्था के अध्यक्ष साकार श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि संस्था का वार्षिक उत्सव काव्योत्सव – 2025 बापू नगर स्थित विनोबा ज्ञान मंदिर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध शायर लोकेश साहिल, कवयित्री डॉ आभा सिंह व सम्पादक मंडल के सदस्य कविता मुखर, पवनेश्वरी वर्मा और साधिका साकार द्वारा स्मारिका का विमोचन किया गया। आगंतुक साहित्यकारों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष साकार श्रीवास्तव ने बताया मासिक काव्य गोष्ठियों का सिलसिला गत आठ वर्षों से जारी है। जयपुर ही नहीं अपितु भारत के विभिन्न प्रदेशों तथा भारत से बाहर अमरीका और कनाडा के साहित्यकार संस्था से जुड़े हुए हैं। काव्योत्सव में भाग लेने के लिए आरा, बिहार से नेहा नूपुर विशेष रूप से जयपुर आई। कार्यक्रम में आयोजित काव्यगोष्ठी में लोकेश साहिल, आभा सिंह, राजेंद्र राजन, कविता मुखर,नरेंद्र लाटा, नेहा नूपुर, कृष्णा रावत, कविता माथुर, गौरव अग्रवाल तथा अन्य कवियों ने रचनाएँ सुनाईं। काव्य गोष्ठी में वरिष्ठ कवियों के साथ युवा साहित्यकारों की भागीदारी उल्लेखनीय रही तथा उनकी रचनाओं को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रप्रकाश दायमा ने किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में लोकेश साहिल ने छांदिक कविता की पैरवी करते हुए कहा कि लयबद्ध रचना सुनने में प्रिय तो होती ही है बल्कि गेय और श्रेय भी है।
आगामी वर्ष 2026 की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।