परीक्षा प्रणाली में सुधार एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा की उठाई मांग
राजसमंद, 24 जुलाई। देशभर में प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक के मामलों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आज राजसमंद में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री नरेश बुनकर को माननीय राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि लगातार सामने आ रही कथित परीक्षा अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है तथा परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन मामलों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों एवं संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, जांच के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित स्तर पर जवाबदेही भी तय की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री नरेश बुनकर से आग्रह किया कि विद्यार्थियों एवं युवाओं की भावनाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण ज्ञापन को शीघ्र माननीय राष्ट्रपति महोदया तक प्रेषित किया जाए, ताकि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विराट भील ने कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तो राजसमंद जिले में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान राजेश कुमार भील, एडवोकेट रोशन लाल सोनगरा, एसआरके महाविद्यालय राजसमंद छात्रसंघ अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी पप्पू लाल कीर, किशन लाल भील, अंबालाल भील, विराट भील (मानपुरा), जिला घुमंतू संयोजक मीठालाल बागरिया, सागर, रामलाल, नरेंद्र यादव, पवन रानी, सवीना, प्रथम भील, रतन, अर्जुन, धनराज, भरत, मोहन लाल, सुरेश, पुरण, मोहन एवं लोकेश , शंकर लाल गाडोलिया , कपिल जैन , सहित अनेक विद्यार्थी, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।