जयपुर में अलर्ट, क्राइम मीटिंग स्थगित

alertसंसद पर हमले के गुनहगार अफजल गुरू को शनिवार सुबह आठ दिल्ली की तिहाड़ जेल में फांसी देने के बाद राजधानी जयपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। आलाधिकारियों के साथ थाना पुलिस को भी विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील इलाकों में जाप्ता भी तैनात किया। वहीं शनिवार को आरपीए में होने वाली रूटीन क्राइम मीटिंग को भी पुलिस कमिश्नर ने स्थगित कर दिया। गौरतलब है कि इसमें कमिश्नरेट के आला अधिकारियों के अलावा थानाप्रभारियों को भी उपस्थित होना था। शहर में कानून-व्यवस्था बनाएं रखने के लिए मीटिंग को शनिवार के लिए स्थगित किया गया।

अतिरिक्त जाप्ता भी तैयार

पुलिस कमिश्नर बीएल सोनी ने बताया कि अफजल गुरू को फांसी देने के बाद ही अलर्ट जारी हो गया था। शहर में विशेष निगरानी रख अप्रिय घटना से बचा जाएगा। इसके अतिरिक्त लाइन के जाप्ते को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जरूरत पर व्यवस्था संभाली जा सके। शहर के मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस नजर जमाए हुए हैं। आरपीए में आज जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की रूटीन मीटिंग होनी थी और नए दिशा-निर्देश मिलने थे। लेकिन ताजा हालात को देखते हुए मीटिंग स्थगित की गई है। सूत्रों के अनुसार पहले ये मीटिंग शुक्रवार को होनी थी, जिसे भी स्थगित किया गया था।

किसने क्या कहा?

डॉ. चंद्रभान,अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, राजस्थान ने कहा कि संसद पर हमला देश पर हमला था। अफजल गुरू का यह बहुत बड़ा अपराध था। न्यायपालिका ने अपना काम किया। आखिर जीत देश की जनता और सत्य की हुई। अफजल गुरू को फांसी देना संसद पर हमले के दौरान शहीद हुए लोगों के लिए देश की सच्ची श्रद्धांजलि है।

सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री, भाजपा ने बताया कि अफजल को फांसी दिया जाना देर से उठाया गया सही कदम है। देश की अस्मिता पर हमला करने वाले गुनाहगारों को पहले ही अंजाम तक पहुंचा देना चाहिए था। इससे इस तरह का दुस्साहस करने वाले लोगों को सबक मिलेगा।

सुमन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि अफजल को पहले ही फांसी दे देनी चाहिए थी। देश की अस्मिता पर हमला करने वाले का यही अंजाम हो सकता था। इससे देश के दुश्मनों को सबक मिलेगा।

error: Content is protected !!