राज्य की खेल नीति-2013 के फोल्डर का लोकार्पण

cmजयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार यहां अपने राजकीय निवास पर राज्य की खेल नीति-2013 के फोल्डर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने आशा जताई कि इस ऐतिहासिक नीति से राजस्थान में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण का निर्माण होगा तथा यह राजस्थान को इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने खेल नीति के निर्धारण के लिए राजस्थान खेल परिषद् तथा खेल एवं युवा मामले विभाग को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों, खेल संघों, खेल प्रेमियों, खेल विशेषज्ञों आदि से समन्वय, सुझाव प्राप्त कर गहन चर्चा करने के बाद इसे तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के उत्साहवर्द्धन के लिए राज्य सरकार ने राज्य बजट में खेल परिषद् एवं विभाग के लिए अलग से प्रावधान किए हैं।
गहलोत ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज हो तथा उनकी पहचान बने। उन्होंने कहा कि खेल नीति का मुख्य उद्देश्य सभी तरह से खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में राजस्थान ही एकमात्र राज्य है जहां खेल विश्वविद्यालय (झुंझुनू) की स्थापना की जा रही है। जल्द ही इसके कुलपति की नियुक्ति की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ-साथ कॉरपोरेट क्षेत्र, खेलों से जुड़ी गैर सरकारी संस्थाएं तथा अनुभवी खिलाड़ियों को भी आगे आकर सहयोग करने की महत्ती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में राजस्थान ने राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। हमारे खिलाड़ी ओलम्पिक एवं एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए पिछले बजट में अवार्ड की राशि में दस गुना वृद्धि की है।
खेल राज्यमंत्री मांगीलाल गरासिया ने कहा कि खेल जगत को लंबे समय से इस नीति का इंतजार था। उन्होंने कहा कि इस नीति में खेलों के लिए आधारभूत ढांचे के निर्माण, परम्परागत खेलों के संरक्षण, खेल गतिविधियों के विस्तार का समावेश किया गया है। साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पदक प्राप्त खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 2 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
इससे पहले खेल एवं युवा मामलात विभाग के प्रमुख शासन सचिव मनोहरकांत ने खेल नीति की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र पारीक, राजस्थान राज्य खेल परिषद् के अध्यक्ष शिवचरण माली, मुख्य सचिव सी. के. मैथ्यू, मुख्यमंत्री के सचिव निरंजन आर्य, पूर्व ओलंपियन श्रीराम सिंह सहित खेल जगत से जुड़े पत्राकार भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!