कांग्रेस सरकार का शासन झूठ और फरेब की कहानी

DSC_0055कपासन/चित्तौड़गढ़/फतेहनगर/उदयपुर.पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार का अब तक का शासन झूठ और फरेब की कहानी है। कानून और व्यवस्था नाम की चीज नहीं। बालिकाएं तक सुरक्षित नहीं। वे ऐसा नया राजस्थान बनाएंगी, जिसमें बच्चियां बेखौफ स्कूल से सुरक्षित घर लौटें। ऐसा सुराज लाएंगी, जिसमें रोजगार होंगे, लहलहाती फसलें होंगी, व्यापारियों का सम्मान होगा, निवेश बरसेगा और आम आदमी खुशहाली की बुलंदियां छुएगा।
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि गहलोत वसुंधरा पर आरोप लगाने से पहले गिरेबान में झांकें। उनका तो पूरा खानदान भ्रष्टाचार की भट्ठी से निकला है। पूर्व गृह मंत्री कैलाश मेघवाल ने गहलोत को झूठा बताया और कहा कि वे नाहक ही उनके हवाले से वसुंधरा पर बेसिरपैर के आरोप लगा रहे हैं।बाद में मेघवाल ने भास्कर से कहा कि उन्होंने वसुंधरा राजे पर कभी कोई आरोप सार्वजनिक रूप से नहीं लगाया। गहलोत नाहक ही उन्हें कोट करते हैं।
विकास के भरपूर साधनों के बावजूद राजस्थान पिछड़ा : गडकरी
aपूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा की मेवाड़ में समापन सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि राजस्थान में विकास की भरपूर संपदाएं उपलब्ध होने के बावजूद यह राज्य सरकार के कुप्रबंधन के कारण पिछड़ा हुआ है। यहां महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में एकत्रित जन समूह को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि यहां पर्यटन एवं धर्म स्थलों की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार की गलत आर्थिक नीति, भ्रष्ट प्रशासन तथा प्रबंधन की गलत दिशा के कारण यह प्रदेश भाजपा शासित राज्यों की तुलना में पिछड़ा हुआ है। पिछड़ेपन की वजह बताते हुए कहा कि इस राज्य में कृषि विकास की दर मात्र 2.2 फीसदी है।सकल विकास की दर 4.5 प्रतिशत से अधिक नहीं है। इसके पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में सकल विकास की दर 18 फीसदी से अधिक है।

error: Content is protected !!