अरोड़ा ने प्रभावितों के घर जाकर बंधाया ढांढस

rajiv aroraजयपुर। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा में लापता हुए लोगों की सहायता के लिए जहां एक ओर हर जगह से मदद के हाथ उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभावित परिवारों के पास जाकर ढांढस बंधाने का क्रम भी जारी है। इसी क्रम में रविवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी और राजस्थान फाउंडेशन के उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने जामडोली, गलता गेट, गोवर्धनपुरी और नंदपुरी के संकटग्रस्त परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अरोड़ा ने प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मिलकर हिम्मत बंधाई और सरकारी शिविरों पर सूचना देने तथा स्वयं के स्तर पर भी हरसंभव सहायता करने का वादा किया। उन्होंने परिवारों से मिलने के बाद सरकार की ओर से उत्तराखंड आपदा मदद अभियान के सचिव बनाए गए कुलदीप रांका से बात कर सभी परिवारों के लापता सदस्यों के बारे में तुरंत जानकारी करने और सभी प्रकार की सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए। अरोड़ा के साथ रामगंज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शफीक अहमद और वार्ड 49 के कांग्रेस अध्यक्ष बंशीधर शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
इन परिवारों को बंधाया ढांढस
गोवर्धनपुरी के एक ही परिवार के तीन सदस्य तरूण शर्मा, उनकी पत्नी रमा और बेटी अनुष्का शर्मा लापता हैं। वहीं, नंदपुरी के उमेश यादव, अर्चना, प्रणव और राज की भी कोई जानकारी नहीं है। इधर, जामडोली के एक परिवार के नौ सदस्य मुंशीलाल शर्मा, उनकी पत्नी विमला शर्मा, कृष्णमुरारी शर्मा, कौशल्या देवी, संदीप, जगदीश, प्रेमदेवी, उर्मिला देवी और रोहित का भी अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।

error: Content is protected !!