सपने मत कुचलो, उन्हें पूरा करो और इतिहास बदलो-वसुन्धरा

12जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि सपने तो सब देखते हैं पर कुछ पूरा कर लेते हैं और कुछ अपने सपनों को कुचल देते हैं। इसलिये सपने तो देखो मगर उन्हें कुचलो मत। उन्हें पूरा करो और इतिहास को बदलो। आप अपनी दुनिया बदल सकती हो। बहादुरी से आगे बढ़ो, वरना लोग सिर पर पांव रखकर आगे चल देंगे। लोग डरायेंगे भी, पर हिम्मत न हारना। क्योंकि हम महिलाओं में वो काबलियत है, जिससे हम अपना परिवार ही नहीं तरक्की से पूरा देश बदल सकती है। श्रीमती राजे महारानी कॉलेज छात्रसंघ उद्घाटन समारोह में छात्राओं को सम्बोधित कर रही थी।
मैं परिवार की वजह से नहीं हिम्मत से आगे बढ़ी
उन्होंने कहा कि लड़कियों के लिए मंजिल आसान नहीं होती, लेकिन नामुमकिन भी नहीं होती। राजे ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि मेरा भी रास्ता आसान नहीं था, आगे बढ़ने में मुझे भी बहुत परेशानियां थी। कभी सोचती थी कर पाऊंगी या नहीं, लेकिन मन में हिम्मत, दृढ़ संकल्प और विश्वास था। इसलिये यहां तक पहुंची। परिवार की वजह से नहीं हिम्मत, दृढ़ संकल्प और विश्वास की वजह से। वरना मैं आज घर में ही बैठी होती।
तारे आयेंगे जमी पर
वसुन्धरा ने कहा कि मन लगाकर तारे तोड़ों तो तारे भी जमी पर आ जायेंगे। अगर बछेन्द्री पाल और कल्पना चावला कर सकती है, तो आप क्यों नहीं? बेटियों को समझना होगा कि दुनिया कहां जा रही है। दूसरों को देखकर आपका मन करता होगा कि हम भी आगे बढे़। हमारा प्रदेश आगे बढे़ और हमारा देश आगे बढे़। अगर मन में ये भावना सोचकर आगे बढ़ोगे, तो निश्चित रूप से सफलता कदमों में होगी।
हमको चाहिए ऐसा राजस्थान जिसमें महिलाएं सुरक्षित हो
 वसुन्धरा ने कहा कि दिल्ली और राजस्थान में जो घटनाएं हो रही है, उनसे हमारे प्रदेश का सिर शर्म से झुक गया है। इसलिये हमें चाहिए एक राजस्थान जिसमें महिलाएं सुरक्षित हो, हमारी लड़कियां तरक्की की राह में आगे हो।
हमें सुरक्षा चाहिए भीख नहीं
वसुन्धरा ने कहा कि हमारी बेटियों को, हमारी माता बहनों को सुरक्षा चाहिए, भीख नहीं। आज के वातावरण में हम में सैल्फ डिफेंस भी होना चाहिए। ऐसी क्लासेज ज्वाइन करना चाहिए। फिर अपनी लड़ाई हम खुद लड़ सकेंगी। मुकाबला भी कर सकंेगी।
बदलाव बेटियां ही करेंगी
राजे ने कहा कि लड़कियां बदलाव का माध्यम बन सकती है, लेकिन आगे उन्हें ही बढ़ना होगा। हम तो सपना दिखा सकते हैं, साथ लेकर चल सकते हैं, लेकिन बदलाव आपको ही करना है।
स्माल इण्डस्ट्री को बढ़ावा देंगे
 वसुन्धरा ने कहा कि उनकी सरकार आई तो वे घरेलू और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देंगी। उन्होंने बिल गेट्स का उदाहरण देते हुए कहा कि    100 डॉलर से उन्होंने अपने छोटे से गैरेज में काम शुरू किया था, जो आज कहां से कहां पहुंच गये है।
35 लाख की घोषणा
महारानी कॉलेज की अध्यक्ष डिम्पल भाटी ने कॉलेज में ऑडिटोरियम और प्याऊ की मांग की तो राजे ने विधायक कालीचरण सराफ और राज्यसभा सांसद भूपेन्द्र यादव की सहमती से उनके कोटे से 35 लाख रुपये देने की घोषणा की।
नागर चहेते मंत्री है इसलिये गिरफ्तारी नहीं
कार्यक्रम के बाद वसुन्धरा ने पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर की गिरफ्तारी के बारे में मीडिया के एक सवाल के जवाब में कहा कि एक मंत्री के दुराचार का मामला आया, तो उसे गिरफ्तार कर लिया, क्योंकि वह इनके फेवर का नहीं था। और जब इनके फेवर के दूसरे मंत्री के दुराचार का मामला आया, तो  20 दिन बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। कैसी सरकार है ये? जिसमें महिलाओं को न्याय नहीं मिल रहा।
शेर जो उन्होंने पढ़ा-
बिजली जब चमकती है, तो आकाश बदल देती है, 
आंधी जब उठती है, तो दिन रात बदल देती है।
धरती जब दरकती है, तो सीमान्त बदल देती है, 
और नारी जब गरजती है, तो इतिहास बदल देती है।।
ये थे मौजूद- भाजपा विधायक दल के सचेतक राजेन्द्र राठौड, विधायक कालीचरण सराफ, प्राचार्य विद्या जैन, उप प्राचार्य एनएम शर्मा, भामाशाह रमेश मोरानी, छात्रसंघ अध्यक्ष डिम्पल भाटी, उपाध्यक्ष अंजली जोनवाल, महासचिव उषा कटारिया, संयुक्त सचिव दीक्षा यादवेन्द्र, पूर्व विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनीष यादव, जितेन्द्र मीणा, युवा मोर्चा के संभाग प्रभारी महेन्द्र शेखावत।
चुनाव की घोषणा पर वसुन्धरा राजे की प्रतिक्रिया
चुनाव की घोषणा तो आज हुई है, लेकिन हम तो पहले से ही तैयार है। सुराज संकल्प यात्रा और सुराज सम्मेलन से मिले अपार समर्थन के बाद ये स्पष्ट है कि राजस्थान की जनता बदलाव चाहती है। आज चुनाव आयोग ने मतदाता को राइट टू रिजेक्ट का अधिकार दिया है, उसका मैं स्वागत करती हूं।
error: Content is protected !!