नई दिल्ली। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरण माहेश्वरी नें केन्द्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्री श्री वैकेया नायडु से स्मार्ट शहर परियोजना के सन्दर्भ में भेंट की। किरण माहेश्वरी नें उदयपुर को इस परियोजना में प्रमुख औद्योगिक एवं पर्यटन नगरी के आधार पर चयनित करने का आग्रह किया। उदयपुर उच्च शिक्षा, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं एवं ऐतिहासिक महत्व के दर्शनीय स्थलों के कारण पर्यटन में एक प्रमुख केन्द्र है। किरण माहेश्वरी नें नाथद्वारा – राजसमन्द नगरों को सम्मिलित कर धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख केन्द्र के आधार पर स्मार्ट शहर योजना में चयनित करने की भी मांग रखी। दोनो नगरों के मध्य मात्र 10 कि.मी. की ही दूरी है। ये जुड़वा नगर विश्व में संगमरमर के सबसे बड़े उत्पादक क्षेत्र है। प्रतिवर्ष 5 लाख व्यक्ति यहां धार्मिक पर्यटन के लिए आते है। राजसमन्द झील के विकास से पर्यटन कई गुणा बढ़ सकता है। किरण ने मंत्री से आग्रह किया है उदयपुर और नाथद्वारा – राजसमन्द को स्मार्ट शहर में विकसित करने मे इस आदिवासी बहुल क्षेत्र में तिव्र विकास संभव होगा। वनवासी विकासकी मुख्यधारा से जुड़ेंगे।